जबरन खुलवाया रेलवे फाटक, गेटमैन से मारपीट
स्योहारा। विधायक लिखी गाड़ी में सवार कुछ युवकों ने रेलवे फाटक को जबरन खुलवा लिया। आरोपियों ने फाटक ही नहीं खुलवाया बल्कि गेटमैन के साथ मारपीट भी की। ट्रेन आने के वक्त फाटक खुलवाए जाने से हादसा भी हो सकता था। पुलिस को मामले की तहरीर दे दी गई है।
बबलू राम मीणा निवासी कमालपुरा जिला करौली राजस्थान स्योहारा धामपुर के बीच फाटक संख्या 450 सी चकराजमल रेलवे स्टेशन के अंतर्गत ट्रैकमैन का काम करता है। जिसका आरोप है कि बुधवार की दोपहर लगभग 1:20 पर दोनों और से ट्रेन आने की सूचना मिली। जिस पर फाटक बंद कर दिया गया। तभी एक सफारी गाड़ी जिस पर विधायक लिखा था। उसमें से चार-पांच लोग उतरे और जबरन फाटक खुलवाने का दबाव बनाने लगे। जिसके चलते रेल फाटक को खोलना पड़ा। रेलवे फाटक खोलने पर सफारी गाड़ी रेलवे क्रासिंग से पास हुई और रुक गई। कार सवारों ने गैटमेन को बुलाया और उसके साथ मारपीट की। कहा कि जब हूटर बजे तो फाटक खोल देना। घटना के उपरांत रेलवे के कर्मचारियों ने थाने पहुंचकर तहरीर दी और कार्रवाई की मांग की। थानाध्यक्ष राजीव चौधरी ने कहा कि पीड़ित की तहरीर पर विधिक कार्यवाई की जा रही है।