दूसरे दिन भी कलक्ट्रेट में धरने पर डटे रहे किसान
बिजनौर। लखीमपुर खीरी आंदोलन के समर्थन में अनेक किसान दूसरे दिन शुक्रवार को भी कलक्ट्रेट में धरने पर बैठे रहे। आंदोलित किसान केंद्रीय गृह राज्यमंत्री को हटाने व कार्यवाही करने की मांग कर रहे हैं।
भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले कलक्ट्रेट प्रांगण में किसानों का धरना चल रहा है। धरने पर चौधरी राजेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार किसानों को हल्के में न ले। राष्ट्रीय प्रवक्ता के आह्वान पर धरना शुरू हुआ है और जब तक उनका अगला आदेश नहीं होगा आंदोलन जारी रहेगा। युवा जिलाध्यक्ष सरदार वरिंदर सिंह बाठ ने कहा कि किसानों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लखीमपुर खीरी में गए मंडल अध्यक्ष बाबूराम तोमर ने कहा कि यहां भारी संख्या में किसान उपस्थित है। धरने पर विरेंद्र सिंह, सोनू चौधरी, अंकित चौधरी, वीर सिंह डबास, मदन राणा, मोनू चौधरी, अतुल डबास, रमेश सिंह, नरदेव सिंह, बलजीत सिंह, पदम सिंह, संदीप सिंह, अशोक कुमार, महेंद्र सिंह, प्रदीप राजपूत आदि उपस्थित रहे।
धरना स्थल पर पकाई खिचड़ी
किसानों ने कलक्ट्रेट धरना स्थल पर सिलेंडर, चूल्हा रखकर खिचड़ी पकाई। किसानों का कहना है कि जब तक संगठन के बड़े नेताओं का निर्देश नहीं मिलेगा, धरना चलता रहेगा। हम राशन लेकर आए हैं और खिचड़ी पकती रहेगी।