श्रीकृष्ण के भव्य डोले के साथ निकाला रामडोल जुलूस
नगीना। सुप्रसिद्ध परंपरागत रामडोल का जुलूस शुक्रवार को अभेद सुरक्षा व्यवस्था के बीच निकाला गया। जुलूस में भगवान श्री कृष्ण की लीलाओं को प्रस्तुत करने वाली व देशभक्ति पर आधारित चार आकर्षक झांकियां, एक भगवान कृष्ण का डोला तथा प्राचीन युद्ध कला को प्रस्तुत करने वाले नौ अखाड़े व एक बैंड शामिल रहा।
शुक्रवार को रामडोल जुलूस में शामिल होने वाली चारों झांकियां कोतवाली रोड स्थित साहू ट्रेडर्स से तैयार होकर दोपहर 12 बजे निकलीं। सबसे आगे बैंड चल रहा था। बड़ा मंदिर श्री मुक्तेश्वर नाथ के अध्यक्ष साहू सलिल अग्रवाल, प्रबंधक मुकेश अग्रवाल उर्फ आले, हिंदू इंटर कॉलेज के प्रबंधक साहू कपिल अग्रवाल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रमोद चौहान, सनी चौधरी, सचिन विश्नोई, आलोक चौधरी, अमित जैन विक्की, हरिगोपाल अग्रवाल, सभासद गोपाल शर्मा आदि के नेतृत्व में झांकियां गांधी मूर्ति, लुहारी सराय होते हुए करीब दो बजे प्राचीन बड़ा मंदिर मुक्तेश्वरनाथ के बाहर पहुंचीं।
इससे पहले नगर पालिका कार्यालय के सामने से एक अखाड़ा झांकियों में शामिल हुआ। बड़ा मंदिर से अन्य आठ अखाड़े शामिल हुए। बड़ा मंदिर में मुख्य पुजारी डॉ. विपिन चंद्र त्रिपाठी ने पूजा-अर्चना के बाद अखाड़ों के उस्ताद व खलीफा को तिलक लगाकर रवाना किया। रामडोल जुलूस में अखाड़ों व झांकियों के बाद अंत में भगवान श्री कृष्ण का एक भव्य डोला चल रहा था, जिसमें पुजारी डॉ. विपिन चंद्र त्रिपाठी भगवान श्री कृष्ण के पोतड़े लिए बैठे थे।
थाने के मुख्य द्वार पर पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों, भाजपा नेताओं व अन्य गण्यमान्य लोगों ने अखाड़ों के खलीफाओं के उस्तादों को पगड़ी बांधकर व पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। यहां एसपी देहात राम अर्ज, एसडीएम शैलेंद्र कुमार सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी सुमित शुक्ला, थाना प्रभारी निरीक्षक प्रिंस, भाजपा के क्षेत्रीय मंत्री अनूप वाल्मीकि, जिला उपाध्यक्ष अरविंद गहलोत, प्रमोद चौहान, नगर अध्यक्ष नीरज विश्नोई, नगर मंत्री लवी मित्तल, पंडित सचिन शर्मा, रोहित रवि , शेख शाहनवाज खलील, शेख अजीमु रहमान, विकास गुप्ता विक्की आदि मौजूद रहे। यहां से जुलूस बढ़ापुर रोड स्थित श्री कृष्ण गोशाला में जाकर संपन्न हुआ। यहां प्राचीन ब्राह्मणी वाला तालाब में पुजारी पंडित विपिन चंद्र त्रिपाठी ने भगवान श्री कृष्ण जी के पोतड़े धोने की रस्म पूरी की। यहां जुलूस में शामिल झांकियों के कलाकारों को सम्मानित किया गया।
कई जगहों पर हुआ रामडोल जुलूस का स्वागत
रामडोल जुलूस का नगर के कई स्थानों पर स्वागत किया गया। बाजार मझलेटा में भाजपा नेता लवी मित्तल, बड़ा मंदिर गेट पर व्यापारियों प्रमोद जैन संजीव अग्रवाल, सुशील अग्रवाल आदि ने, नगर पालिका परिषद द्वारा सुनहरी मस्जिद के पास व थाने के पास नगर पालिका परिषद के चेयरपर्सन के पुत्र शेख शाहनवाज खलील ने जुलूस में शामिल लोगों का स्वागत किया। रामडोल जुलूस को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा इंतजाम किए थे। पुलिस क्षेत्राधिकारी सुमित शुक्ला ने बताया कि पूरे जुलूस मार्ग पर पड़ने वाली प्रमुख इमारतों व घरों के ऊपर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। तीन ड्रोन कैमरे एवं एक दर्जन से अधिक सीसीटीवी कैमरे की मदद से अराजक तत्वों पर निगरानी की गई। पूरे जुलूस की वीडियोग्राफी कराने के साथ-साथ जनपद व जनपद के बाहर से 453 पुलिसकर्मियों व अधिकारियों की जुलूस में ड्यूटी लगी थी। जुलूस में दो प्लाटून पीएसी, चार पुलिस क्षेत्राधिकारी, कई मजिस्ट्रेट, करीब दर्जन भर थानों के थाना प्रभारी शामिल रहे।