खाद्य विभाग की टीम ने लिए खाद्य पदार्थों के सैंपल
बिजनौर। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने रक्षाबंधन एवं ईद-उल-जुहा (बकरीद) के अवसर पर लोगों को सुरक्षित खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरुद्ध विशेष अभियान की शुरुआत की। पहले दिन अफजलगढ़ स्थित चार प्रतिष्ठानों से विभिन्न खाद्य एवं पेय पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए राजकीय अन्वेषण प्रयोगशाला को भेज दिए।
जिला अभिहित अधिकारी पंकज कुमार के निर्देश पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी जेपी सिंह के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने अफजलगढ़ में चार प्रतिष्ठानों पर छापा मारकर खाद्य एवं पेय पदार्थों के नमूने लिए। उन्होंने बताया कि अफजलगढ़ निवासी अय्यूब के मन्नत स्वीट व कन्फेक्शनरी से बूंदी का लड्डू, मोहम्मद बिसाल के प्रतिष्ठान से स्पेशल मखनी लस्सी, मोहम्मद आदिल के कासिम लस्सी शॉप से दही, मोहल्ला मझोली निवासी मोहम्मद हासिम के अल हासिम रेस्टोरेंट से पिसी मिर्च का नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला को भेज दिया। उन्होंने बताया कि अभियान आगे भी जारी रहेगा। टीम में हितेंद्र पाल सिंह, जितेंद्र कुमार, तेजबहादुर सिंह, मोहित कुमार आदि शामिल रहे।