सियालदह एक्सप्रेस बुधवार को डेढ़ घंटा विलंब से नजीबाबाद पहुंची
सिद्धबली जनशताब्दी एक्सप्रेस, जननायक एक्सप्रेस की भी लेटलतीफी जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
नजीबाबाद। कोहरे से लंबी दूरी की ट्रेन प्रभावित हो रही है। रेलवे स्टेशनों पर अपने निर्धारित समय से ट्रेनें एक से दो घंटा विलंब से पहुंच रही हैं। इससे यात्री परेशान है।
जम्मूतवी से कोलकत्ता जाने वाली सियालदह एक्सप्रेस घने कोहरे के कारण लगभग डेढ़ घंटा विलंब से नजीबाबाद पहुंची। दिल्ली से कोटद्वार के बीच संचालित सिद्धबली जनशताब्दी एक्सप्रेस, जननायक एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें बुधवार को एक से डेढ़ घंटा विलंब से चली। देर रात्रि नजीबाबाद स्टेशन से गुजरने वाली अप और डाउन यात्री गाड़ियां भी विलंब से चल रही है।
उधर, रेलवे ने नजीबाबाद से गुजरने वाली एक दैनिक यात्री गाड़ी सहित कई साप्ताहिक और सप्ताह में दो दिन चलने वाली ट्रेनों को फरवरी के अंत तक कोहरे के कारण रद्द किया। सीमित ट्रेनों के संचालन होने और संचालित ट्रेनों के विलंब से चलने से यात्री परेशान है।
जनसेवा एक्सप्रेस फरवरी तक रद्द
नजीबाबाद। रेलवे जंक्शन नजीबाबाद से गुजरने वाली बनमनखी से अमृतसर के बीच संचालित नियमित ट्रेन जनसेवा एक्सप्रेस को फरवरी-2024 तक के लिए रद्द कर दिया है। ट्रेन संख्या 14617 अप दो मार्च, 2024 तक और डाउन दिशा की 14618 जनसेवा एक्सप्रेस 29 फरवरी, 2024 तक रद्द रहेगी। सप्ताह में तीन दिन चलने वाली प्रयागराज-योग नगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस 14229 अप का संचालन कोहरे के कारण 29 फरवरी, 2024 तक और 14230 डाउन ट्रेन का संचालन एक मार्च, 2024 तक रद्द रहेगा।
साप्ताहिक ट्रेन का संचालन भी रहेगा रद्द
नजीबाबाद। लालकुआं से अमृतसर के बीच संचालित अप दिशा की ट्रेन 14615 और डाउन दिशा की ट्रेन 14616 का संचालन 24 फरवरी तक रद्द किया गया है। अप दिशा से यह ट्रेन रविवार को और डाउन दिशा की ट्रेन शनिवार को संचालित होती है। बरौनी से अंबाला कैंट के बीच संचालित ट्रेन संख्या 14523 और 14524 कोहरे के कारण रद्द रहेगी।