-छापामारी से व्यापारियों में रोष, बंद रहा चांदपुर का बाजार
संवाद न्यूज एजेंसी
चांदपुर (बिजनौर)। चांदपुर क्षेत्र में कुट्टू के आटे से बनी पकौड़ी व पूरी खाने से बीमार हुए लोगों की सूची सरकारी आंकड़ों के अनुसार 350 की संख्या को पार कर गई है। वहीं प्रशासन ने तीन दुकान और एक आटा चक्की पर छापामारी कर पांच दुकानदारों को हिरासत में लिया है। प्रशासन कार्रवाई से व्यापारियों में रोष व्याप्त हो गया। व्यापारियों ने बाजार बंद कर थाने पहुंचकर दुकानदारों को छोड़ने की मांग की।
खाद्य विभाग और प्रशासन ने नगर की तीन दुकानों और एक आटा चक्की पर छापामारी कर सील किया। प्रशासन की कार्रवाई से गुस्साए व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद कर थाने पर पहुंचकर दुकानदारों को छोड़ने की मांग की। उपजिलाधिकारी के आश्वासन पर व्यापारी थाने से वापस गए। वहीं पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उपजिलाधिकारी विजय शंकर के अनुसार सीएचसी स्याऊ सहित अनेक अस्पतालों में इलाज के लिए पहुंचे मरीजों की संख्या 350 के पार हाे गई है।
कहीं बेड हो गए फुल तो कहीं पेड़ के नीचे हुआ इलाज
चांदपुर क्षेत्र में बृहस्पतिवार की शाम पहले निजी अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़नी शुरू हुई। धीरे-धीरे रात दस बजे के बाद तक चांदपुर के सभी निजी अस्पतालों में बेड फुल हो गए। क्लीनिक के बार चारपाई डालकर पेड़ से बोतल टांगकर मरीजों का इलाज किया जा रहा था। एक समय ऐसा आया कि हर अस्पताल में कुट्टू के आटे से बने पकवान खाकर बीमार हुए लोग भर्ती थे। 30 से ज्यादा मरीजों को सीएचसी से जिला अस्पताल के लिए रेफर भी किया गया।