दोहरे हत्याकांड के पांचों आरोपी दबोचे
बिजनौर। मंडावर पुलिस व स्वाट टीम ने दोहरे हत्याकांड के पांचों आरोपी दबोच लिए हैं। लाइसेंसी रिवाल्वर से इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया था। जमीन की खातिर हत्या की गई थी। पुलिस ने आरोपियों के पास से हत्या में प्रयुक्त लाइसेंसी रिवाल्वर भी बरामद कर लिया है।
एसपी डा.धर्मवीर सिंह के मुताबिक मंडावर थाना क्षेत्र के गांव सुल्तानपुर खैराबाद निवासी 80 साल के अजीज व उसके नौकर शान मोहम्मद की 24 जनवरी की रात मुजफ्फरनगर जिले के पुरकाजी थाने के गांव बड़ी वाला निवासी बुटा सिंह, तरना सिंह, प्रकाश, दिलबाग व मंजीत ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। अजीज जंगल में डेरे पर नौकर के साथ रहता था। हत्या करने के आरोपी फरार हो गए। मृतक के पुत्र सलीम ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एसपी ने धरपकड़ के लिए पुलिस की चार टीम लगाई थी। स्वाट टीम के साथ मंडावर पुलिस ने पांचों को दबोच लिया है। हत्या में प्रयुक्त 32 बोर का लाइसेंसी रिवाल्वर व दो कारतूस बरामद हुए हैं। पकड़े गए आरोपियों ने पुलिस को बताया कि लाइसेंसी रिवाल्वर से हत्या की है। लाइसेंसी रिवाल्वर दिलबाग के नाम पर है। अजीज व शान मोहम्मद उनकी जमीन पर काबिज थे। पिछले पांच सालों से ये जमीन पर खेती कर रहे थे। इससे पूर्व जमीन पर वे खेती करते थे। जमीन का मामला कोर्ट में विचाराधीन है। योजना बद्घ तरीके से उन्होंने घटना की रात करीब साढ़े दस बजे अजीज का दरवाजा खुलवाकर दोनों की हत्या कर दी। वे ऊधम सिंह नगर जाने की फिराक में थे, पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। अजीज उनकी 45 बीघा जमीन पर काबिज था।
आरोपी भी रहते हैं डेरे पर
गांव सुल्तानपुुर के जंगल में आरोपी भी डेरे पर रहते थे। अजीज से उनका अलग डेरा था। ये लोग गांव बडीवाला भी आते-जाते हैं।
एक-एक गोली लगी, लाइसेंस होगा निरस्त
मंडावर थाने के प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार के मुताबिक अजीज के सिर, शान मोहम्मद के सीने में गोली मारी है। दोनों को एक-एक गोली लगी थी। रिवाल्वर का लाइसेंस दिलबाग के नाम है। पंजाब के पटियाला जिले से यह लाइसेंस बना है। वहां की पुलिस को लाइसेंस निरस्तीकरण की रिपोर्ट भेजी जा रही है।