-आरोपी की फैक्टरी को भी पुलिस ने किया सीज
-लाइसेंस की निर्धारित क्षमता से अधिक रखे गए थे विस्फोटक पदार्थ, पुलिस ने गंधक, पोटाश और एल्युमिनियम पाउडर किया बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। जिले में पटाखा फैक्टरियों पर शिकंजा करने का सिलसिला चल रहा है। अब इसी क्रम में फैक्टरी संचालक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इन्होंने चेकिंग में पकड़े जाने के डर से विस्फोटक सामग्री फैक्टरी से निकालकर बाग में छिपा दी थी। पुलिस ने आरोपी की फैक्टरी को भी सीज कर दिया है।
शुक्रवार को सीओ सिटी अभय कुमार पांडेय, तहसीलदार और अग्निशमन विभाग की टीम की मौजूदगी में एक बाग में छापामारी की। पुलिस ने मोहल्ला साबिर निवासी बुखारा गांव सिरधनी निवासी सईद को गिरफ्तार किया। साथ ही पुलिस ने नौ कट्टों में भरा हुआ 336.860 किलोग्राम गंधक बरामद किया है। इसके साथ ही काली राख के चार कट्टे (182.915 किलोग्राम) और पोटाश के छह कट्टे (239.840 किलोग्राम) बरामद किए। इसके अलावा 20 लीटर की एक पेंट कैन, 25 किलोग्राम एल्युमिनियम पाउडर, एक लोहे की मिक्सर मशीन, तीन बड़े और तीन छोटे प्लास्टिक के टब तथा एक लोहे की छन्नी भी मिली है। सीओ सिटी अभय कुमार पांडेय ने बताया कि साबिर के पास आतिशबाजी बनाने की फैक्टरी का लाइसेंस है। जिसने क्षमता से अधिक आतिशबाजी और सामान को फैक्टरी के बजाए बाग में छिपा दिया था। फैक्टरी को सीज कर दिया गया है। साथ ही लाइसेंस भी निरस्त कराने के लिए रिपोर्ट भेजी जा रही है।