चांदपुर में एसबीआई में आग लगने पर जमा भीड़।
- प्लाई फैक्टरी के टैंकरों व फायर स्टेशन की गाड़ी से पाया आग पर काबू
- बैंक में कैश और लॉकर सुरक्षित
फोटो-
संवाद न्यूज एजेंसी
चांदपुर। भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में अचानक आग लग गई। आग लगने से लाखों रुपये का सामान जल गया। हालांकि कैश और लॉकर पूरी तरह से सुरक्षित हैं। आग लगने का कारण बिजली की शॉट सर्किट माना जा रहा है।
रविवार की सुबह करीब साढ़े छह बजे आसपास के लोगों को रामलीला मैदान स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा से धुआं निकलता दिखाई दिया। धुआं निकलते देख बैंक के पास रह रहे अमन चौधरी ने दमकल विभाग और पुलिस को फोन कर आग लगने की जानकारी दी। आग की सूचना से मौके पर भीड़ जमा हो गई। सीओ सर्वम सिंह, प्रभारी निरीक्षक उदय प्रताप सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। मौके पर पहुंचे दमकल विभाग के कर्मियों ने भारी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जगदम्बा प्लाई फैक्टरी के टैंकरों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में भारी मदद की। नगरपालिका का टैंकर भी आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंच गया था। आग लगने से बैंक में फर्नीचर, कम्प्यूटर, कागजात आदि को नुकसान हुआ है। बैंक के मुख्य प्रबंधक आशुतोष मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टता शॉट सर्किट से आग लगने का अंदेशा है। सूचना मिलने पर मौके पर फायर बिग्रेड की गाड़ी पहुंच गई।
- सीएफओ बिजनौर अजय कुमार शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शार्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। करीब सुबह 8:36 पर फायरब्रिगेड को आग लगने की सूचना मिली। तुरंत ही मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया है। बैंक में कैश, लॉकर पूरी तरह सुरक्षित है। फर्नीचर आदि जल गया है। पूरी जानकारी जांच पड़ताल के बाद सामने आएगी।