हरेवली के साहूवाला वनों में पांचवें दिन भी लगी आग।
- फोटो : DHAMPUR
साहूवाला वन में लगातार पांचवें दिन भी लगी रही आग
हरेवली। साहूवाला वन क्षेत्र में बुुधवार को पांचवें दिन भी आग का कहर जारी है। आग तेज हवा के साथ वनों में तेजी से पकड़ रही है। आरोप है कि विभाग के अधिकारी रुचि लेकर आग पर काबू का प्रयास नहीं कर रहा है। उच्चाधिकारी उनके फोन रिसीव नहीं कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि आग का कहर वनों में ऐसे ही बना रहा तो उनके खेतों में पकी फसलों को नुकसान हो सकता है। वन्य जीव वनों में आग की लपटों और धुएं से परेशान हैं।
क्षेत्र के मुनेश कुमार, सत्येंद्र सिंह, कमल सिंह, रामपाल सिंह, आनंद सिंह का कहना है कि पिछले पांच दिन से आग लगी है। विभाग को बार बार अवगत कराया जा रहा है पर विभाग के अधिकारी इस मामले को लेकर गंभीर नहीं है। अधिकारियों का कहना है कि सरकार की ओर से उनके पास आग पर काबू पाने के संसाधनों का टोटा है। स्टाफ कम है। तो वे ऐसे में क्या करें। आग तेज हवा के कारण विराट रूप धारण कर रखा है। आसपास के गांवों में धुआं ही धुआं हो रहा है। अगर आग पर काबू नहीं पाया गया तो हालात बिगड़ सकते हैं। किसानों ने फसलों को आग से बचाने के लिए जंगलों में डेरा डाल रखा है। आग ने करीब दस किलोमीटर वन क्षेत्र को अपनी चपेट में ले रखा है। वन क्षेत्राधिकारी वीरेंद्र सिंह रावत का कहना है कि उनका क्षमता के अनुरूप आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है। जनता से उन्होंने सहयोग की अपेक्षा की है।