वन विभाग के अधिकारियों ने आग पर नियंत्रण पाने का दावा किया
संवाद न्यूज एजेंसी
कालागढ़ (बिजनौर)। कार्बेट टाइगर रिजर्व/नेशनल पार्क के कोर जोन में एक बड़ा क्षेत्र जंगल में लगी आग से जल गया। कार्बेट के अधिकारियों की माने तो 40-50 हेक्टेयर क्षेत्र प्रभावित हुआ है। उधर, वन विभाग के अधिकारियों ने आग पर नियंत्रण पाने का दावा किया है।
कार्बेट टाइगर रिजर्व/नेशनल पार्क का कालागढ़ और ढिकाला रेंज के वनों में कोर जोन का इलाका आग की चपेट में आ गया। वन्यजीवों के इस प्रजनन केन्द्र का एक बड़ा क्षेत्र आग की चपेट में आया। आग के लगने से बाघ और अन्य जीवों के वास स्थलों को नुकसान पहुंचा है। हालांकि वन विभाग के अधिकारियों ने आग पर नियंत्रण का दावा किया है। शुक्रवार से लगी आग से काफी इलाका प्रभावित हुआ है। आग लगने से वन विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। आग की घटना को वन विभाग ने सार्वजनिक नहीं किया।
कार्बेट टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक डी नायक ने बताया कि कार्बेट टाइगर रिजर्व/नेशनल पार्क की पहाड़ियों के बीच में कालागढ़ व ढिकाला रेंज के वनों में आग लगी थी। आग से 40-50 हेक्टेयर को नुकसान पहुंचा है। आग पर वन विभाग ने नियंत्रण पा लिया है। वन्यजीव सुरक्षित हैं। वन विभाग की टीमों को अलर्ट किया गया है।