कोतवाली देहात। कस्बे में 11 मार्च को स्वास्थ्य विभाग द्वारा अस्पतालों में की गई जांच के बाद चार अस्पताल संचालकों के विरुद्ध प्राथमिक दर्ज कराई गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कस्बे में सात अस्पताल में जांच की थी। एक अस्पताल में पीएम केयर फंड से खरीदा गया वेंटीलेटर मिला था जबकि एक अन्य अस्पताल में प्रसूता महिला शौचालय में बंद मिली थी। उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. केपी सिंह की तहरीर के आधार पर पुलिस ने चार अस्पताल संचालकों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है। तहरीर के आधार पर सभी अस्पताल संचालकों के विरुद्ध नेशनल मेडिकल कमिशन एक्ट में कार्रवाई की गई है। इनमें नहटौर मार्ग स्थित न्यू फेमिली हेल्थ केयर सेंटर के संचालक डॉ. नफीसा तथा डॉ. फैजान, नहटौर मार्ग के ही बेनामी हॉस्पिटल के संचालक शौकीन मलिक, नवजीवन हॉस्पिटल के संचालक कामेश कुमार तथा जफर हॉस्पिटल के संचालक डॉ. महफूज आलम शामिल हैं।