झिंझाना। कस्बा निवासी संजीदा की तहरीर पर पुलिस ने उसकी पुत्री उजमा के साथ दहेज उत्पीड़न और तीन तलाक देने के आरोप में पति समेत पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
महिला ने तहरीर में बताया कि वर्ष 2021 में उजमा की शादी बागपत के ग्राम सिरसली निवासी नूर मोहम्मद के साथ हुई थी, जिसमें परिजनों ने अपनी हैसियत से बढ़कर दहेज दिया था।आरोप है कि शादी के बाद से ही पति और ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित किया जाने लगा। पीड़िता के अनुसार 19 अप्रैल 2026 को पति नूर मोहम्मद, सास रहीसा, ससुर महबूब, ननद अफसाना व ननदोई सोनू ने दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल की मांग की। मांग पूरी न होने पर पति ने तीन बार तीन तलाक दे दिया और उसे घर से निकाल दिया। किसी तरह वह मायके पहुंची।
घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग होने का भी दावा किया गया है। पीड़िता दो पुत्रियों की मां है और वर्तमान में गर्भवती है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।