नजीबाबाद। हाईवे के किनारे खाना खा रहे पंजाब के तीन सेवादारों की तेज रफ्तार कार से कुचलकर मौत मामले में कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। कार चालक दीपक ऋषिकेश देहरादून का रहने वाला है।
रुद्रपुर से पंजाब जा रहे तीन सेवादारों मनदीप सिंह, अर्शदीप सिंह और गगनदीप की कार से कुचलकर मौत मामले में पुलिस ने कार चालक दीपक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जगतपुरा रुद्रपुर निवासी पंजाब के सेवादार मृतक मनदीप सिंह की बहन बिंदर कौर पत्नी परमजीत सिंह ने सर्वहारा नगर ऋषिकेश देहरादून निवासी कार चालक दीपक के खिलाफ तेज रफ्तार कार से भाई और उसके दो दोस्तों अर्शदीप सिंह और गगनदीप सिंह को कुचलकर मारने की प्राथमिकी दर्ज कराई है।
प्राथमिकी में कहा गया है कि उसका भाई मनदीप सिंह उसके साथी सेवादार अर्शदीप सिंह फिरोजपुर पंजाब एक अन्य साथी गगनदीप सिंह पटियाला पंजाब से रुद्रपुर आए थे। बृहस्पतिवार को शाम तीनों पंजाब के लिए रवाना हुए थे तभी नजीबाबाद क्षेत्र में हाईवे के निकट पर देर रात खाना खाने रुके। उनके साथ पुत्र प्रिंस और उसका दोस्त सनी भी था। बिंदर कौर ने तेज रफ्तार कार से खाना खा रहे मनदीप और उसके दोनों दोस्तों के कुचलने और घटनास्थल पर मौत होने का जिम्मेदार कार चालक को बताते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने घटना के बाद कार को कब्जे में ले लिया। जबकि चालक दीपक फरार है। सीओ सुनील कुमार सिंह ने बताया घटना को अंजाम देने वाले चालक की गिरफ्तारी के लिए टीम लगाई गई हैं।