नजीबाबाद के एनआईजीसी खेल मैदान पर शॉट लगाता खिलाड़ी।
नजीबाबाद (बिजनौर)। एनआईजीसी क्रिकेट क्लब अंडर-16 का दूसरा सेमीफाइनल मैच मोदीनगर की टीम ने जीतकर फाइनल में प्रवेश किया। आज मुरादाबाद और मोदीनगर की टीम के बीच टूर्नामेंट का फाइनल मैच खेला जाएगा।
एनआईजीसी के खेल मैदान में क्रिकेट टूर्नामेंट के आयोजक अवनीश अग्रवाल, अभिनव अग्रवाल और अहमरुद्दीन की देखरेख में शनिवार को दूसरा सेमीफाइनल मैच मोदीनगर और राधा गोविंद अकादमी मेरठ के बीच खेला गया। टाॅस जीतकर मोदीनगर की टीम ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। राधा गोविंद अकादमी मेरठ की टीम ने 35 ओवर में सात विकेट खोकर 211 रन बनाए। टीम के प्रियांशु ने 89 और अरमान ने 37 रनों का योगदान दिया। मोदीनगर की टीम ने कुणाल ने तीन और कृष्णा ने दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मोदीनगर की टीम शुरुआत में लड़खड़ाती दिखी। टीम के चार विकेट मात्र 50 रनों पर ही गिर गए, लेकिन कुनाल और कृष्णा की 110 रनाें की साझेदारी से मोदीनगर की टीम ने जीत दर्ज की। टीम के कुनाल ने 68 और कृष्णा ने 56 रनों का योगदान दिया। कुनाल को मैन ऑफ द मैच दिया गया।
मैच के अंपायर अनुल हक और अहमरुद्दीन रहे। आयोजक अहमरुद्दीन ने बताया कि 30 अप्रैल को मुरादाबाद और मोदीनगर टीम के बीच टूर्नामेंट का फाइनल मैच खेला जाएगा।