- बिजली निगम के अवर अभियंता को गोली मारने के मामले में फरार चल रहा था आरोपी
- पचास हजार के इनामी को पकड़ने के लिए लगातार दबिश दे रही थी मंडावर पुलिस
- चांदपुर तहसील परिसर में पुलिस का बढ़ता दबाव देख खुद ही जांघ मेें मारी गोली
फोटो समाचार
.संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर/चांदपुर। बिजली निगम के अवर अभियंता को गोली मारने के मामले में फरार चल रहे पचास हजार के इनामी बदमाश ने खुद को गोली मार ली। जिसके गिरफ्तार करते हुए इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अवर अभियंता को गोली मारने के केस में इनामी के मां-बाप और चाचा को पहले ही पकड़ लिया गया था। फरारी के वक्त आश्रय देने वाले छह मददगार युवक भी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
बृहस्पतिवार की दोपहर बाद तहसील परिसर के शौचालय में गोली चलने की आवाज आई। लोगों ने अंदर जाकर देखा तो एक युवक घायल हालत में पड़ा था, जिसकी जांघ में गोली लगी मिली। घायल की शनाख्त साहब सिंह निवासी बिलासपुर थाना मंडावर के रूप में हुई। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और जिला अस्पताल में भर्ती कराया। बताया गया कि साहब सिंह ने पुलिस की लगातार दबिश के चलते खुद को गोली मार ली। 13 मई को गांव बिलासपुर में बिजली विभाग की टीम बकाया बिल वालों के कनेक्शन काटने पहुंची थी, एक लाख तीस हजार रुपये बकाया होने पर साहब सिंह के घर का भी कनेक्शन काट दिया।
जिस पर गुस्साए हिस्ट्रीशीटर साहब सिंह ने अवर अभियंता को गोली मार दी थी। मामले में पिछले दिनों ही डीआईजी ने साहब सिंह पर पचास हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। वहीं, इस केस में मुख्य आरोपी साहब सिंह के पिता, मां और चाचा को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था। फरारी के समय आश्रय देने वाले छह मददगारों को भी पुलिस गिरफ़्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस लगाकर कर रही थी घेराबंदी
बुधवार को मंडावर पुलिस और एसओजी की टीम ने पचास हजार के इनामी साहब सिंह की घेराबंदी को हीमपुरदीपा थाना क्षेत्र के एक जगह पर जाल बिछाया था। लेकिन वह टीम के हत्थे नहीं चढ़ सका। अब लगातार दबिश के चलते उसने खुद को गोली मार ली।
वर्जन:::
मंडावर थाना के हिस्ट्रीशीटर बदमाश पचास हजार के इनामी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। घायल हालत में चांदपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया है। जिसने पूछताछ में बताया कि मंडावर पुलिस उसके पीछे पड़ी हुई थी, जिसके भय से उसने अपने आप को गोली मारकर घायल कर लिया - नीरज कुमार जादौन, एसपी