नगीना के ग्राम शहालीपुर में लगाए गए पिंजरे में कैद हुई मादा गुलदार। स्रोत वन विभाग
नगीना। ग्राम शाहलीपुर में वन विभाग द्वारा लगाए पिंजरे में सेामवार की रात मादा गुलदार कैद हो गई। वन रेंजर प्रदीप शर्मा व वन दरोगा धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि ग्रामीणों ने गुलदार के गांव में आने की सूचना दी थी।
पांच अगस्त को किसान सोनू के गन्ने के खेत में एक पिंजरा लगाया गया था। उन्होंने बताया कि मंगलवार की सुबह ग्रामीणों ने सूचना दी कि पिंजरे में गुलदार कैद हो गया है। वह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पिंजरे में कैद गुलदार मादा है और उसकी उम्र लगभग दो वर्ष प्रतीत हो रही है।
उन्होंने बताया कि गुलदार को लालच देने के लिए पिंजरे में मुर्गा रखा गया था। पकड़ी गई मादा गुलदार को फिलहाल कृषि अनुसंधान केंद्र में रखा गया है।
n भोगनवाला मोड़ पर नजर आया गुलदार : गंज दारानगर। क्षेत्र के गांव फरीदपुर उर्फ भोगनवाला मार्ग स्थित मोड़ पर सोमवार रात एक बार फिर गुलदार देखे जाने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। यह घटना ऐसे समय में सामने आई है, जब गंज क्षेत्र में ऐतिहासिक जाहर दीवान मेला शुरू हो चुका है। चार से पांच दिनों तक चलने वाले इस प्रसिद्ध मेले में बिजनौर जिले के अलावा अन्य जनपदों से भी भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।
मेले के दौरान मुख्य सड़कों पर दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं की गाड़ियां खड़ी रहती हैं और पूरी रात रोड पर लोगों का आवागमन रहता है। लंबे समय से क्षेत्र में घूम रहे गुलदार के कारण अब इन बाहरी श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर बहुत बड़ी जिम्मेदारी खड़ी हो गई है।