महिला चिकित्सक संक्रमित होने से मचा हड़कंप
नूरपुर। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर कार्यरत एक महिला चिकित्सक के कोरोना पॉजिटिव निकलने पर अस्पताल में कार्यरत अन्य स्वास्थ्यकर्मियों में हड़कंप मच गया। इससे तीन दिन पूर्व भी यहीं पर कार्यरत एक लैब टेक्नीशियन की जांच रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई थी। इसके बाद पीएचसी के सभी स्वास्थ्यकर्मियों के नोजल और थ्रॉट स्वाब लेकर जांच के लिए भेजे गए थे। इनमें से एक महिला चिकित्सक की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई।
बुधवार को कुल 12 लोगों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, इनमें से एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नूरपुर में तैनात महिला चिकित्सक भी शामिल है। प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. अजय धर्मेश गंधर्व ने बताया कि अब प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर कार्यरत एक चिकित्सक और एक लैब टेक्नीशियन कोरोना पॉजिटिव निकल चुके हैं। उन्होंने बताया कि बुधवार को आई जांच रिपोर्ट में एक महिला चिकित्सक को कोरोना की पुष्टि हुई। अस्पताल के कर्मचारियों की मानें तो पॉजिटिव निकली यह चिकित्सक मेरठ की ही रहने वाली है और वह रोजाना मेरठ से ही अस्पताल आती है। कोरोना की पुष्टि होने के बाद उसे मेरठ के अस्पताल में ही भर्ती कराया जाएगा। पीएचसी पर दो लोगों के कोरोना संक्रमित होने के बाद से अन्य स्टाफ में हड़कंप मचा हुआ है। बुधवार को पीएचसी से 45 सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं और अस्पताल को सैनिटाइज कराया गया है।