कार्रवाई के डर से पूर्व प्रधान ने स्कूल में भेजा फर्नीचर
मंडावली/नजीबाबाद। ग्राम पंचायत साहबपुर उमराव के पूर्व प्रधान ने जांच और कार्रवाई के डर से प्राथमिक विद्यालय साहबपुरा उमराव में तुरंत ही फर्नीचर भिजवाया। वर्तमान ग्राम प्रधान और मुख्य अध्यापक ने फर्नीचर लेने से इंकार कर दिया।
ब्लॉक प्रमुख तपराज सिंह द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में विकास और शैक्षिक उन्नयन के लिए भ्रमण अभियान चलाया जा रहा है। प्राथमिक विद्यालय साहबपुरा उमराव में हाल ही में निरीक्षण के दौरान पूर्व प्रधान द्वारा स्कूल के फर्नीचर के लिए 1.62 लाख रुपये की धनराशि निकालने के बावजूद विद्यालय में फर्नीचर उपलब्ध नहीं कराया था।
ब्लॉक प्रमुख के रवैये को देखते हुए पूर्व प्रधान राफिया ने जांच और कार्रवाई से बचने के लिए आनन-फानन में कहीं से फर्नीचर लेकर शुक्रवार को प्राथमिक विद्यालय भेजा। अचानक छोटा हाथी वाहन पर स्कूल का फर्नीचर लेकर पहुंचने पर मुख्य अध्यापक शिवेंद्र सिंह ने सूचना ग्राम प्रधान इमराना को दी। बताया जाता है कि वाहन स्वामी ने मात्र 26 हजार पांच सौ रुपये का फर्नीचर बिल मुख्य अध्यापक को दिखाया। फर्नीचर की गुणवत्ता खराब होने तथा ग्राम पंचायत से निकाली गई 1.62 लाख रुपये और शेष धनराशि के बारे में पूछे जाने पर पूर्व प्रधान द्वारा जबाव न दिया गया। जिस पर फर्नीचर से भरा वाहन ग्राम प्रधान और मुख्य अध्यापक ने लौटा दिया।