नींदड़ू। पुलिस ने मोहल्ला कुरैशियान में बृहस्पतिवार को इकबाल कुरैशी की हत्या में शामिल अरमान और उसके पुत्र मोबीन को हत्या में प्रयुक्त दो छुरियों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने बताया कि इकबाल और मोबीन तहेरे भाई हैं और वे गांव में पास-पास रहते हैं। छह अगस्त को सुबह करीब सात बजे दोनों घर के बाहर बेचने के लिए ठेले पर सब्जी लगा रहे थे। आरोप है कि इस दौरान कहासुनी होने पर अरमान ने इकबाल के सीने पर छुरी और चाकू से प्रहार कर दिया। वह लहुलुहान होकर नीचे गिर पड़ा। इकबाल का बेटा बिलाल पकड़ने के लिए झपटा, तो मोबीन ने उस पर भी वार कर दिया, जिससे वह भी घायल हो गया। घायल बिलाल ने अरमान, उसकी बहन नाजिश और सानिया तथा पिता मोबीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। विवेचना अधिकारी रवींद्र प्रताप सिंह का कहना है कि इकबाल की हत्या में वांछित अरमान और मोबीन को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा शेष आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।