- भाकियू अराजनैतिक की गन्ना समिति में हुई मासिक पंचायत में लिया निर्णय
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक की बृहस्पतिवार को हुई मासिक पंचायत किसानों ने बकाया गन्ना मूल्य भुगतान नहीं करने वाली बिलाई चीनी मिल को गन्ना नहीं देने का निर्णय लिया है। साथ ही 25 अगस्त को गन्ना समिति में गन्ना सुरक्षण को लेकर होने वाली बैठक में बिलाई मिल के किसानों से पहुंचने का आह्वान किया।
गन्ना समिति के प्रांगण में हुई पंचायत में युवा विंग के प्रदेशाध्यक्ष चौधरी दिगंबर ने कहा कि किसानों का शोषण नहीं होने दिया जाएगा। गन्ना मूल्य का भुगतान नहीं करने वाली चीनी मिल को गन्ना नहीं देंगे। किसानों की अन्य समस्याओं के निदान को लेकर आंदोलन, बैठक आदि की रणनीति बना ली गई है। दिगंबर सिंह ने कहा कि गुलदार की समस्या को वन विभाग द्वारा दूर नहीं किया गया, तो वन अधिकारियों को जंगल में बंधक बनाया जाएगा।
कहा कि बिजली, गन्ना आदि समस्याओं को लेकर संगठन 25 अगस्त को मुरादाबाद मंडल आयुक्त का घेराव करेगा। जिलाध्यक्ष चौधरी नितिन सिरोही ने कहा कि बाढ़ से किसानों की बर्बाद हुई फसलों का मुआवजा दिया जाए। जिलाध्यक्ष नितिन कुमार सिरोही की अध्यक्षता तथा जिला सचिव जितेंद्र सिंह के संचालन में हुई पंचायत में प्रदेश उपाध्यक्ष बलराम सिंह, अतुल कुमार, गौरव कुमार जैन, राकेश प्रधान, तेजवीर सिंह, अरविंद राजपूत, सुरेंद्र सिंह, हुकुम सिंह, विकास कुमार, मोहित आदि रहे।