कोतवाली देहात। बिजनौर-नगीना मार्ग पर ग्राम आसपुर नवादा के निकट स्थित एक पेट्रोल पंप पर घटतौली को लेकर भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर दिया। उन्होंने डीजल पेट्रोल की बिक्री रुकवा दी। देर शाम तक पेट्रोल पंप पर धरना जारी रहा। बुधवार को एक किसान ग्राम आसपुर नवादा के निकट स्थित पेट्रोल पंप पर डीजल लेने गया था। किसान ने तीन हजार का डीजल अपने वाहन में डलवाया। शक होने पर किसान ने डीजल निकलवा कर माप कराई तो मात्र दो हजार का ही डीजल वाहन में निकला। इसकी एक वीडियो भी वायरल हुई। बृहस्पतिवार देर शाम भारतीय किसान यूनियन नेता धर्मवीर धनकड़ तथा बृजेश चौधरी के नेतृत्व में दो दर्जन भाकियू कार्यकर्ता पेट्रोल पंप पर पहुंचे तथा पेट्रोल पंप पर तेल की बिक्री बंद करा दी। भाकियू कार्यकर्ता जिला पूर्ति अधिकारी तथा एसडीएम को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे थे, लेकिन शाम तक कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। पेट्रोल पंप के प्रबंधक मयंक ठाकुर ने बताया कि पेट्रोल पंप पर सब कुछ ठीक है। इस दौरान संदीप कुमार त्यागी, विनीत मौर्य, जय सिंह, अमरदीप, नैन सिंह, सौरभ आदि मौजूद रहे।