किसानों ने नायब तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
धामपुर। भाकियू कार्यकर्ताओं की मंगलवार को तहसील में पंचायत हुई। जिसमें तहसील अध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने कहा कि विद्युत निगम के अधिकारी निजी नलकूपों पर लगाए बिजली के मीटरों को स्वयं उतार लें। यदि वह खराब हो गए तो किसानों की कोई गारंटी नहीं होगी। कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे किसी भी दशा में नलकूपों पर लगे मीटरों की रीडिंग के हिसाब से बिल नहीं देंगे। कार्यकर्ताओं ने नायब तहसीलदार को एसडीएम को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
मंगलवार को हुई पंचायत में ब्लॉक अध्यक्ष कविराज सिंह ने आरोप लगाया कि निगम की ओर से ग्रामीणों के घरों के बाहर बिजली के मीटर तो टांग दिए गए हैं, लेकिन निगम के अधिकारी, कर्मचारी गांवों में बिजली के मीटरों की रीडिंग लेने नहीं जाते। कार्यकर्ताओं ने अबकी बार राज्य सरकार से गन्ने का भाव 450 रुपये प्रति क्विंटल की दर से मांगा। बालापुर क्षेत्र में हाईटेंशन लाइन जर्जर है, कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है, लेकिन शिकायत के बाद भी निगम के अधिकारी इस समस्या पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। अफजलगढ़ क्षेत्र के किसानों की खतौनी संबंधी समस्या का भी निदान कराने की मांग उठाई। गांव सादुल्लाह खानपुर मधी में नगरपालिका से गोशाला का निर्माण कराने की मांग की। पंचायत में विजय पाल सिंह, दुष्यंत राणा, मदन सिंह राणा, अरविंद सिंह, महेंद्र सिंह, अमित, जगदीश सिंह, अजय पाल, आनंद सिंह आदि मौजूद रहे। उधर, राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के कार्यकर्ताओं ने भी एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में गन्ना मूल्य 450 रुपये प्रति क्विंटल घोषित करने, दो सप्ताह के विलंब पर ब्याज सहित गन्ना भुगतान दिलाने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में ब्लॉक अध्यक्ष संजीव कुमार, कैलाश लांबा, हिमेंद्र सिंह, जितेंद्र, सईद अहमद आदि मौजूद रहे।