नजीबाबाद के गांव भोगपुर में किसान पाठशाला का शुभारंभ करते डीएम।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर जनपद में किसान पाठशाला का शुभारंभ नजीबाबाद की ग्राम पंचायत भोगपुर से हुआ। कृषि विज्ञान केंद्र नगीना के कृषि वैज्ञानिकों ने सरकार की मंशा के अनुरूप आय दोगुना करने के किसानों को टिप्स दिए। डीएम ने प्राथमिक विद्यालय भोगपुर को गोद लेने की घोषणा की।
मंगलवार को ग्राम पंचायत भोगपुर में किसान पाठशाला का शुुुभारंभ मुख्य अतिथि डीएम जगतराज ने फीता काटकर किया। उन्होंने किसानों से किसान पाठशाला में शामिल होकर यहां मिलने वाले प्रशिक्षण और जरूरी जानकारियों से आय बढ़ाने की सलाह दी। उप कृषि निदेशक बिजनौर जेपी चौधरी ने खेती के साथ साथ दुग्ध उत्पादन, मुर्गी पालन, मछली पालन, सूकर पालन एवं गन्ने के साथ सहफसली खेती की किसानों को सलाह दी। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में नजीबाबाद ब्लॉक की 14 न्याय पंचायतों में 14 ग्राम पंचायतों का चयन कर किसान पाठशालाएं शुरू की गई हैं। पाठशालाएं ग्राम पंचायत के सरकारी स्कूल में लगेंगीं। जिसमें संबंधित न्याय पंचायत क्षेत्र के किसान भागीदारी कर सकेंगे।
एसडीएम उद्भव त्रिपाठी की उपस्थिति में किसान पाठशाला में कृषि विज्ञान केंद्र नगीना से आए कृषि वैज्ञानिक डॉ.केके सिंह ने फसल चक्र एवं रबी फसलों की जानकारी दी, जबकि डॉ.बलराम सिंह ने बागवानी के संबंध में जरूरी टिप्स दिए। भाजपा नेता राजीव अग्रवाल ने मालन नदी पर स्वीकृत पुल का शीघ्र निर्माण कराने और क्षेत्र में पीने योग्य पानी न मिल पाने की समस्या से निजात दिलाने की डीएम से मांग की। डीएम ने पुल प्रस्ताव की जानकारी करने और पानी की समस्या के निराकरण के लिए जलनिगम एक्सईएन को गांव भेजने का आश्वासन दिया। उन्होंने गांव के प्राथमिक विद्यालय को गोद लेने की घोषणा की।
ग्राम प्रधान बलराम सिंह, एडीओ कृषि विक्रम सिंह, मृदा परीक्षण प्रयोगशाला प्रभारी रतिराम सिंह, विषय वस्तु विशेषज्ञ रामकिशन सिंह की देखरेख एवं योगेंद्रपाल सिंह के संचालन में आयोजित किसान पाठशाला में हरप्रीत सिंह, सुरजीत सिंह, जगदीश सैनी, ईशम सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए। कार्यक्रम में विश्व मृदा दिवस पर 20 किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड प्रदान किए गए।