- इंडियन बैंक में एक करोड़ के गबन के बाद किसानों में मचा हड़कंप
फोटो-19एनजेडबी09आर
संवाद न्यूज एजेंसी
नजीबाबाद (बिजनौर)। इंडियन बैंक के पूर्व प्रबंधक की ओर से किसान क्रेडिट कार्ड की धनराशि का गबन करने के मामले से किसान परेशान हैं। अनेक किसानों ने सोमवार को बैंक पहुंचकर क्रेडिट कार्ड खातों की स्थिति का जायजा लिया।
इंडियन बैंक के पूर्व शाखा प्रबंधक सचिन कुमार ने किसान क्रेडिट कार्ड की एक करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि का गबन किया, इस मामले में जोनल कार्यालय से आई टीम जांच में जुटी है। मामले की जानकारी होते ही किसान क्रेडिट कार्ड धारक किसानों की नींद उड़ गई है। अनेक किसानों ने सोमवार को इंडियन बैंक पहुंचकर वर्तमान शाखा प्रबंधक पंकज कुमार से अपने खातों की स्थिति की जानकारी ली। जिन किसानों के क्रेडिट कार्ड खातों में गड़बड़ी है, बैंक द्वारा उन्हें यह कहकर फिलहाल टाल दिया गया है कि अभी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने पर ही वास्तविक स्थिति का पता चलेगा।
शाखा प्रबंधक पंकज कुमार की ओर से शनिवार को पूर्व प्रबंधक सचिन कुमार के खिलाफ पद का दुरुपयोग करने और एक करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि के गबन की रिपोर्ट दर्ज कराई जा चुकी है। जांच जारी होने की बात से ही अंदाजा लगाया जा रहा है कि गबन की धनराशि जांच पूरी होने तक कई करोड़ तक पहुंच सकती है।
केसीसी धनराशि गबन में लिप्त इंडियन बैंक के पूर्व शाखा प्रबंधक सचिन कुमार, सहायक प्रबंधक रामवीर सहित इंडियन बैंक के चार कर्मचारी मामले में निलंबित किए जा चुके हैं। आरोपी पूर्व प्रबंधक सचिन कुमार अगस्त 2021 से शाखा में प्रबंधक पद पर कार्यरत थे। नौ जून 2023 को उनका तबादला कोयंबटूर के लिए हुआ। बताया जाता है कि आगरा निवासी सचिन कुमार घोटाला प्रकरण खुलने के बाद से लापता है।उधर, वर्तमान शाखा प्रबंधक पंकज कुमार ने बताया कि अभी जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।