बिजनौर। गन्ना समिति के प्रांगण में मंगलवार को गन्ना सुरक्षण की बैठक में किसानों ने चीनी मिलों के क्रय केंद्र लगवाने व हटवाने के लिए प्रस्ताव दिए। बैठक में बिलाई चीनी मिल के क्रय केंद्र हटवाने की मांग कर किसानों ने हंगामा किया। मंगलवार को आयोजित बैठक में किसानों ने अपने प्रस्ताव जमा किए। वहां मौके पर ही प्रस्ताव देने की घोषणा की जा रही थी। बिलाई चीनी मिल का जिक्र आते ही किसानों ने विरोध, नारेबाजी करनी शुरू कर दी। किसान नेताओं व संचालकों ने किसानों को शांत किया। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के जिलाध्यक्ष विनोद कुमार बिट्टू ने कहा कि बिलाई चीनी मिल का समय पर गन्ना मूल्य भुगतान नहीं करने से किसान नाराज है। किसान अन्य मिलों के कांटे देने की मांग कर रहे हैं। कुछ किसानाें ने अन्य चीनी मिलों के क्रय केंद्र भी बदलने की मांग की। इस अवसर गन्ना समिति सचिव, संचालक, किसान आदि रहे।