किसानों पर लाठीचार्ज के विरोध में धरना
बिजनौर/स्योहारा। भाकियू के नेतृत्व में किसानों ने हरियाणा में किसानों पर लाठी चार्ज के विरोध में जिले भर में 11 जगह धरना दिया। किसानों पर लाठी चार्ज की निंदा की गई। ज्ञापन देने के बाद धरना समाप्त कर दिया गया। किसानों ने आज से प्रदेश में आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है।
किसानों पर लाठीचार्ज के विरोध में किसानों ने बवनपुरा बॉर्डर, किरतपुर थाने, बिजनौर कोतवाली शहर, थाना कोतवाली देहात, नगीना देहात, चांदपुर थाने, नांगलसोती, अफजलगढ़ आदि में धरना दिया। कोतवाली शहर में दिए धरने में युवा विंग के प्रदेश अध्यक्ष दिगंबर सिंह ने कहा कि किसान केवल न्यूनतम समर्थन मूल्य पर फसल बिकने की गारंटी और तीनों कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग कर रहे हैं। लेकिन किसानों की मांगों पर अब तक कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। हरियाणा में अपना हक मांग रहे किसानों पर प्रदेश सरकार ने लाठी चार्ज कराया है।
कहा कि किसान कोविड 19 महामारी के समय भी खेतों में जाकर काम कर रहे हैं और जरूरतमंदों की मदद भी कर रहे हैं। किसान जल्द ही आरपार की लड़ाई लड़ेंगे। इसके लिए आज से प्रदेश भर में आंदोलन किया जाएगा। सीओ सिटी कुलदीप गुप्ता को ज्ञापन देकर हरियाणा में गिरफ्तार हुए किसानों को रिहा करने की मांग की गई और धरना समाप्त किया गया। इस दौरान वीरेंद्र सिंह, दीपक तोमर, डैनी, ललित सहरावत, मुकुल, हरवेंद्र सिंह राणा, शुभम चौधरी आदि मौजूद रहे।
स्योहारा में किसानों ने थानाध्यक्ष नरेंद्र कुमार गौड़ को प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन दिया। जिसमें गिरफ्तार किए गए किसानों को रिहा करने की मांग की गई है। ज्ञापन देने वालों में ब्लॉक अध्यक्ष चौधरी गजेंद्र सिंह टिकैत, गजराम सिंह, त्रिवेंद्र सिंह, अनुज बालियान, ओमप्रकाश आदि शामिल रहे।