किसानों का विद्युत निगम के खिलाफ प्रदर्शन
नजीबाबाद। भाकियू के बैनर तले किसानों ने तहसील में प्रदर्शन किया। किसानों ने विद्युत निगम के कर्मचारियों पर उपभोक्ताओं से अभद्रता करने और बिजली बिलों में गड़बड़ी करने का आरोप लगाया। एसडीएम ने कार्रवाई का आश्वासन देकर किसानों को शांत किया।
बृहस्पतिवार को भाकियू के प्रांतीय नेता बाबूराम तोमर के नेतृत्व में किसानों ने तहसील में विद्युत निगम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए धरना-प्रदर्शन किया। एसडीएम परमानंद झा और सीओ गजेंद्र सिंह धरना स्थल पर पहुंचे। किसानों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर विद्युत निगम के अधिकारियों पर उपभोक्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार करने और कनेक्शन व बिजली बिलों में गड़बड़ी करने का आरोप लगाया। मौके पर पहुंचे एसडीओ विकास कुमार ने किसानों की समस्याएं सुनीं। किसानों ने बढ़िया विद्युत उपकेंद्र पर तैनात लाइनमैन सोनू द्वारा किसान के घर जाकर महिलाओं से अभद्र व्यवहार करने की बात एसडीओ को बताई और लाइनमैन को सस्पेंड करने की मांग की। इस दौरान मास्टर करण सिंह, राजीव राठी, डॉ. सुरेश सिंह, सरदार सिंह, नौबहार सिंह, बिरेश राणा, सरदार संदीप सिंह, प्रशांत चौधरी, अजमतुल्ला, पवन चौहान, इरशाद अंसारी, राम अवतार चौहान, सरदार कुलदीप सिंह, खजान सिंह आदि मौजूद रहे।
उधर, भाकियू जनशक्ति ने बिजली बकाएदार किसानों का उत्पीड़न न करने समेत किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर एसडीएम को ज्ञापन भी सौंपा। इस दौरान संगठन के जिलाध्यक्ष डॉ. नरपाल सिंह राणा, जिला सचिव अलताफ अहमद, उस्मान, सराफत, इफ्तेखार, आबिद हुसैन, नूर शाह, मकसूद, नीरज त्यागी, तौसीफ, सुम्मेर सिंह, मोहित, डा. फैजान आदि मौजूद रहे।
नजीबाबाद तहसील में बिजली समस्याओं को लेकर धरना-प्रदर्शन करते किसान।- फोटो : NAZIBABAD