बिजनौर। भाकियू अराजनैतिक के बैनर तले रविवार को चंदक में मंडी समिति प्रांगण में पंचायत का आयोजन होगा। पंचायत में ग्राम खिरनी का प्रकरण उठाया जाएगा। पंचायत की सफलता के लिए भाकियू अराजनैतिक के जिलाध्यक्ष नितिन सिरोही व अन्य पदाधिकारियों के नेतृत्व में गठित टीमों ने गांवों का निरीक्षण किया। उधर इस विवादित जमीन को लेकर भाकियू नेता ने सोशल मीडिया पर पोस्ट की है। नितिन सिरोही ने कहा कि इन सभी प्रकरणों को लेकर चंदक में आज पंचायत बुलाई है। कहा कि किसानों के हित में उक्त प्रकरण की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष प्रशासनिक जांच कराकर दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। जब तक जांच पूर्ण न हो जाए, तब तक विवादित 48 बीघा भूमि सहित संबंधित समस्त भूमि को कुर्क कर प्रशासनिक अभिरक्षा में लिया जाए। जिलाध्यक्ष ने शनिवार को किरतपुर क्षेत्र के कई गांवों में जनसंपर्क कर किसानों से चंदक पहुंचने की अपील की। उनके साथ समरपाल सिंह, धर्मवीर सिंह, ओमप्रकाश सिंह, आलोक कुमार, मुनेश कुमार, ओमपाल सिंह आदि रहे।