बिजनौर। भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले कलक्ट्रेट परिसर में चल रहा किसानों का धरना प्रदर्शन शनिवार को भी जारी रहा। जिलाध्यक्ष सत्यवीर सिंह ने कहा कि नरभक्षी गुलदार के हमले जारी हैं। गुलदार से निजात दिलाने को प्रशासन की ओर से किए गए प्रयास अभी तक नाकाफी साबित हुए हैं। किसानों में आक्रोश है और जंगल जाने डर रहे हैं।
जंगल में गुलदार के आतंक से डर कर किसान घरों में कैंद हो गए हैं। ऐसे में खेती का काम भी नहीं हो रहा है। पशुचारे के लिए भी लोग इकट्ठा होकर जंगल जा रहे हैं। धरना दे रहे किसानों ने दो टूक कहा कि गुलदार के इसी तरह से हमले जारी रहे तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। पश्चिमी प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी राजेंद्र सिंह और चौधरी कुलदीप सिंह ने कहा कि जिले में गुलदार की संख्या दिन प्रतिदिन बढ़ रही है। प्रशासन द्वारा नियुक्त की गई टीमों को अभी तक कोई सफलता हासिल नहीं हुई है। किसानों से अपील की गई कि खेत पर झुंड के रूप में और हाथ में लाठी डंडा लेकर जंगल में जाएं। गुलदार जिले के 13 लोगों को अपना शिकार बना चुका है। वहीं अधिवक्ताओं के प्रतिनिधि मंडल ने भी किसानों के गुलदार मुक्त बिजनौर आंदोलन को समर्थन दिया। धरने में नरदेव सिह, ठाकुर राम अवतार सिंह, धर्मवीर सिंह धनकड़, जितेंद्र पहलवान, सतपाल सिंह, सुनील प्रधान, देवराज सिंह, उपमा चौहान, विजय सिंह, रविशेखर, अवनीश कुमार आदि उपस्थित रहे।