किसानों ने तहसीलदार को ज्ञापन दिया
चांदपुर। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन कार्यकर्ताओं ने तहसील पर धरना देकर डीएम के नाम तहसीलदार को ज्ञापन दिया। कार्यकर्ताओं ने खादर क्षेत्र में जल बढ़ने से किसानों की फसल को हुए नुकसान का मुआवजा दिलाने की मांग की।
बुधवार को राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के कार्यकर्ताओं ने तहसील परिसर में धरना दिया। एक ज्ञापन डीएम के नाम तहसीलदार सुनील कुमार को दिया। जिसमें कहा कि खादर क्षेत्र में गंगा के जल स्तर बढ़ने से किसानों की धान व अन्य फसलों को काफी नुकसान हुआ है। कहीं -कहीं तो धान की फसल बिल्कुल ही नष्ट हो गई है। किसानों को फसल के नुकसान का मुआवजा दिलाने की मांग की। ज्ञापन में किसानों का गन्ना भुगतान मय ब्याज के कराने की मांग की। संगठन ने कहा कि जब तक किसानों का गन्ना भुगतान नहीं होता तब तक किसी भी किसान पर किसी भी राजस्व वसूली का दबाव न बनाया जाए। धरना देने वालों में वेद प्रकाश, ब्रजपाल सिंह, सूरज कश्यप, मुस्तकीम खान, देवेंद्र सिंह, नरपाल सिंह कश्यप, हरगुलाल, हरविंदर सिंह, रामपाल सिंह आदि मौजूद रहे।