बदहाल मार्ग से किसान गन्ना ढुलाई करने को मजबूर
नांगलसोती/भागूवाला। नांगलसोती क्षेत्र के किसान बदहाल नहर पटरी मार्ग से गन्ना ढुलाई करने को मजबूर हैं। किसानों ने प्रशासन से नांगलसोती से बरकातपुर शुगर मिल तक नहर पटरी मार्ग पक्का कराने की मांग की है।
नांगलसोती समेत गांव सैदपुरी, चमरौला, सहजादपुर के बड़ी संख्या में किसान नहर पटरी मार्ग से बरकातपुर शुगर मिल तक गन्ने की ढुलाई करते हैं। एक सप्ताह पूर्व हुई बारिश से नहर पटरी मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया है। किसानों को मार्ग से गन्ना ढुलाई करने में भारी परेशानी हो रही है। भाकियू नेता दिनेश कुमार, नीरज, वसी हैदर, जाकिर हुसैन, मोजीज, आतिफ जैदी का कहना है कि किसानों को छह किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर काटकर नांगल-चंदक मार्ग होते हुए बरकातपुर चीनी मिल तक गन्ना आपूर्ति करते हैं। किसानों ने नांगलसोती-बरकातपुर नहर पटरी मार्ग को पक्का कराने की मांग की।
उधर, भागूवाला-नांगल नहर पटरी मार्ग क्षतिग्रस्त होने से राहगीरों को आवाजाही में भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। ग्रामीण सुशील कुमार, देव सिंह, धीर सिंह, तसलीम अहमद का कहना है कि इस मार्ग से भागूवाला, श्यामीवाला, काशीरामपुर, दहिरपुर, रायपुर खास, सराय आलम के ग्रामीणों की आवाजाही रहती है। बड़े और ओवरलोड वाहनों के गुजरने से मार्ग बदहाल हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मार्ग की मरम्मत कराने और ओवरलोड वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने की मांग की।