किसानों ने 500 रुपये क्विंटल मांगा गन्ना मूल्य
बिजनौर। बकाया भुगतान शीघ्र कराने, मिलों का पेराई सत्र जल्द आरंभ कराने, गन्ने का भाव 500 रुपये प्रति क्विंटल घोषित करने की मांग को लेकर किसानों ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया और बाद में जिलाधिकारी से मिलकर उन्हें ज्ञापन सौंपा।
भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति बिजनौर के जिलाध्यक्ष चौधरी वीरसिंह सहरावत के नेतृत्व में किसान गन्ना समिति बिजनौर में एकत्र हुए, यहां भीड़ पंचायत बदल गई। पंचायत में किसानों की विभिन्न प्रमुख समस्याओं पर विचार विमर्श किया। जिलाध्यक्ष चौधरी वीर सिंह सहरावत ने कहा कि गन्ना पेराई सत्र शुरू होने जा रहा है, लेकिन अभी तक किसानों के गन्ने का भाव घोषित नहीं हुआ। खेती की लागत बढ़ रही है और किसानों की आय घट रही है। इसकी मुख्य वजह किसान को उनकी फसलों का उचित दाम नहीं मिलना है। किसानों की फसलें कभी सूखा, कभी बेमौसम बरसात के कारण बर्बाद हो जाती है। सरकार द्वारा किसानों को कोई राहत नहीं मिलती है।
वीर सिंह सहरावत ने कहा कि किसानों की अनदेखी के विरोध संगठन एक बड़े आंदोलन किया जाएगा। यहां से किसान, कार्यकर्ता जुलूस की शक्ल में कलक्ट्रेट पहुंचे। डीएम से मिलकर उन्हें किसानों की प्रमुख समस्याओं से अवगत कराकर ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर चौधरी पदम सिंह, अंबरीश चौधरी, जग्गन अली, महासचिव भूपेंद्र सिंह, रामकुमार सिंह, शीशपाल सिंह, नरेश कुमार, गौरव चौधरी, हर्ष चौधरी, फुरकान अली, योगेंद्र सिंह काकरान लक्ष्मण सिंह, प्रीतम सिंह आदि उपस्थित रहे।