- गुलदार के हमले में मरने वाली महिला का अंतिम संस्कार किया
संवाद न्यूज एजेंसी
कोतवाली देहात। क्षेत्र के ग्राम मखवाड़ा में गुलदार के हमले में महिला की मौत के बाद किसान जंगल जाते हुए भी डर रहे हैं। वन विभाग ने पिंजरा लगाया, लेकिन गुलदार की लोकेशन तक नहीं मिली है। गुलदार के हमले में मरने वाली महिला का मंगलवार को अंतिम संस्कार कर दिया गया।
सोमवार को ग्राम मखवाड़ा में गुलदार ने महिला गुड्डी देवी पर हमला कर दिया था, जिसमें उनकी मौत हो गई थी। इसके बाद सोमवार शाम को वन विभाग द्वारा पिंजरा लगा दिया गया था। पिंजरे में एक कुत्ता भी बांधा गया था। मंगलवार पूरा दिन पिंजरे में गुलदार नहीं आया। गुलदार के डर से ग्राम मखवाड़ा के ग्रामीण जंगल भी नहीं गए। मंगलवार दिन भर ग्रामीणों की नजर पिंजरे पर लगी रही। ग्रामीणों के अनुसार गुलदार किसानों पर हमला कर सकता है, इसलिए ग्रामीण जंगल जंगल जाने से भी कतरा रहे हैं।
मंगलवार सुबह लगातार बारिश होती रही इससे भी समस्या रही। मृतका गुड्डी देवी के शव को परिजन बैराज घाट पर ले गए और उनका अंतिम संस्कार कर दिया। क्षेत्रीय विधायक मनोज पारस ने घटना पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने घटना के संबंध में डीएफओ से जानकारी ली और मृतका के परिजनों को तत्काल मुआवजा देने की मांग की।