- साधारण सभा में बिलाई मिल की जगह अन्य मिलों के मांगे क्रय केंद्र
- बोले किसान - किसी भी कीमत पर नहीं देंगे बिलाई चीनी मिल को गन्ना
-फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर/हल्दौर/नगीना/नूरपुर। आगामी गन्ना पेराई सीजन के लिए शुक्रवार को चार गन्ना समितियों में वार्षिक साधारण सभा का आयोजन हुआ। साधारण सभा में किसानों ने बिलाई मिल के खिलाफ प्रदर्शन किया। सभा में पहुंचे किसानों ने बिलाई चीनी मिल के क्रय केंद्र अन्य मिलों को देने की मांग की। आंदोलित किसानों ने बकाया भुगतान नहीं करने वाली बिलाई चीनी मिल को गन्ना नहीं देने की घोषणा की।
अन्य मिलों का क्रय केंद्र देने के लिए लिखित में दिया। कई गांवों के किसानों बिजनौर चीनी मिल का क्रय केंद्र मांगा। बिजनौर मिल के जीएम राहुल सिंह ने बताया कि मिल पर चार दिन का बकाया भुगतान है। वह 31 अगस्त तक भेजकर पूर्ण भुगतान कर दिया जाएगा। उधर गन्ना समितियों के सचिव ने कहा कि किसानों की जो मांग है उससे मुख्यालय को भेज दिया जाएगा।
बिजनौर गन्ना समिति में दो बजे से बैठक होनी थी, लेकिन किसान सुबह दस बजे से समिति में पहुंच गए थे। बैठक में जैसे समिति अधिकारी बैठे किसानों ने बिलाई के खिलाफ प्रदर्शन किया। सभा में पहुंचे बिलाई मिल के किसानों ने अन्य मिल के क्रय आवंटित करने की मांग की।हल्दौर नगर के ब्लॉक कार्यालय के सभागार कक्ष में सहकारी गन्ना विकास समिति के तत्वावधान में वार्षिक साधारण बैठक हुई। कुछ किसान संगठन के कार्यकर्ताओं ने बिलाई चीनी मिल द्वारा गन्ने का समस्त बकाया भुगतान न मिलने पर आक्रोशित होकर गन्ना सेंटर हटवाने को लेकर एक घंटे तक विरोध जताया। मौके पर पहुंचे मिल प्रशासनिक अधिकारियों का बैठक में बहिष्कार किया।
बैठक में राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के पश्चिमी उत्तर प्रदेश के महासचिव कैलाश लांबा, राजपाल भगत, भाकियू अराजनैतिक के वरिष्ठ नेता हुकुम सिंह, उदयवीर सिंह, परवेंद्र सिंह, नपेंद्र सिंह प्रधान, नरेश कुमार आदि ने बिलाई चीनी के खिलाफ जमकर विरोध किया। बैठक में 21 गांवों के किसानों ने बिलाई का क्रय केंद्र नहीं लेने की मांग की और लिखित में दिया। मौके पर समिति सचिव ओमप्रकाश सिंह, राहुल कुमार, पूर्व चेयरमैन प्रमोद कुमार, परशुराम सिंह, ओमकार सिंह, एडवोकेट अरुण कुमार आदि उपस्थित रहे।
गन्ना विकास समिति लिमिटेड नूरपुर की वार्षिक बैठक में किसानों के गन्ने के भुगतान व गन्ने के इंडेंट की समस्या का मुद्दा छाया रहा। सभा में 212 डेलीगेट एवं चीनी मिल धामपुर के महाप्रबन्धक गन्ना ओमवीर सिंह, चीनी मिल स्योहारा के उप महाप्रबन्धक गन्ना ओमप्रकाश वर्मा तथा नवनिर्मित बिन्दल मिल के अध्यक्ष जितेन्द्र मलिक आदि उपस्थित रहे। उधर सहकारी गन्ना विकास समिति नगीना की वार्षिक साधारण सभा की बैठक में वर्ष 2023- 24 का बजट व आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया गया। वार्षिक साधारण सभा में बजट प्रस्तुति पश्चात समिति की ओर से कराए जा रहे विकास कार्यों के संबंध में विस्तार पूर्वक चर्चा हुई।