- बरेली के लिए खास
- ट्रक में सवार होकर बरेली से हरिद्वार जा रहे थे गंगा जल लेने
- कोतवाली देहात में गौसपुर तिराहे पर हुआ हादसा, 14 लोग हुए घायल
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
कोतवाली देहात (बिजनौर)। बरेली से हरिद्वार गंगा जल लेने जा रहे कांवड़ियों का ट्रक अनियंत्रित होकर कोतवाली देहात में पलट गया। जिसमें एक कांवड़िये की मौत हो गई। जबकि 14 कांवड़िये घायल हो गए। घायलों को सीएचसी नगीना में भर्ती कराया गया है। जहां से एक कांवड़िये को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया।
बरेली के थाना नवाबगंज क्षेत्र के गांव कुंडरा कोठी के रहने वाले करीब 25-30 कांवड़िये ट्रक में सवार होकर हरिद्वार गंगाजल लेने जा रहे थे। बताया गया कि शुक्रवार की सुबह लगभग 4 बजे जैसे ही वह कोतवाली देहात में गौसपुर तिराहे पर पहुंचे तो ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। जिसमें सवार गांव कुंडरा कोठी निवासी महेश पाल (40) पुत्र केदार की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि रवि, विष्णु, टिंकू, राहुल, रेणु देवी, धर्मेंद्र, अजय, अरुण, गोपाल, बब्लू, सागर, मनोज, बाबू , गौरव व विजय आदि घायल हो गए। सूचना पर पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। जहां से सभी घायलों को सीएचसी नगीना इलाज के लिए भेजा गया।
बताया गया कि सीएचसी नगीना से बिट्टू पुत्र ओमप्रकाश की हालत गंभीर होने के चलते हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी के बाद सीओ नगीना संग्राम सिंह मौके पर पहुंचे। जहां पुलिस ने वाहन की व्यवस्था कराकर बाकी सभी कांवड़ियों को गंतव्य की ओर भेज दिया। पुलिस ने ओमप्रकाश की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।