नहर की पटरी पर मिला किसान का शव
हल्दौर। गांव गोवर्धनपुर नंगली निवासी किसान का शव बिलाई चीनी मिल के निकट नहर की एक पटरी पर मिला। मौके पर मौजूद लोगों ने शव की शनाख्त कर सूचना परिजनों व पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। किसान के भाई ने गांव के एक व्यक्ति पर हत्या की आशंका जताते हुए उसके विरुद्ध थाने में तहरीर दी है।
गांव गोवर्धनपुर नंगली निवासी संजीव सिंह (43) पुत्र महावीर सिंह चीनी मिल गेट पर गन्ना तौलवाने के लिए गांव के एक व्यक्ति के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर रविवार को गया था। परिजनों का आरोप है कि गन्ना तौलवाने के बाद घर लौटते समय दोनों रास्ते में शराब पीने लगे। देर शाम संजीव को रास्ते में ही छोड़कर आरोपी अपने घर ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर लौट आया। सोमवार सुबह करीब नौ बजे कुछ किसान बिलाई चीनी मिल के पास स्थित नहर की पटरी के पास से होकर खेतों में काम करने जा रहे थे। इसी दौरान उन्हें शव पड़ा हुआ दिखाई दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। लोगों ने शव की शनाख्त संजीव सिंह निवासी गोवर्धनपुर नंगली के रूप में की।
सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। संजीव सिंह के भाई अरविंद कुमार ने गांव निवासी ट्रैक्टर-ट्राली मालिक पर अपने भाई की हत्या करने का आरोप लगाते हुए उसके खिलाफ थाने में तहरीर दी है। थानाध्यक्ष का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।