बढ़ापुर। क्षेत्र के मौजा खानावाली दहलावाली में बृहस्पतिवार रात खेतों की जुताई करने जा रहे मोहल्ला सत्तीयान निवासी फईम अहमद पुत्र अब्दुल रहीम का बदमाशों ने अपहरण कर छह लाख रुपये की फिरौती मांगी। करीब दो घंटे बाद बदमाश किसान को बेहोशी की हालत में खेत में छोड़कर भाग गए।
फईम अहमद ने तहरीर में बताया कि बृहस्पतिवार की रात्रि करीब पौने नौ बजे ट्रैक्टर से खेत की जुताई करने जा रहा था। रास्ते में तीन नकाबपोश बदमाशों ने तमंचा दिखाकर उसके ट्रैक्टर को रुकवा लिया। उसे डरा-धमकाकर घर से छह लाख रुपये की फिरौती मंगवाने को कहा। रकम नहीं देने पर उसको जान से मारने की धमकी दी गई। फईम ने अपने भाई को फोन कर रुपयों का इंतजाम करने को कहा। बाद में बदमाशों ने फईम का मोबाइल फोन बंद करा दिया।
करीब दो घंटे तक फिरौती की रकम नहीं आने पर बदमाशों ने उसके साथ मारपीट की और उसको घसीटते हुए दूसरे मोजा चकउदयचंद में ले गए। फईम का कहना है कि फिरौती की रकम नहीं मिलने से गुस्साए बदमाश उसको कोई नशीला पदार्थ सुंघाकर मौके पर छोड़कर भाग गए। उधर, फईम का भाई वसीम भी उस समय दूसरे मौजे में खेतों की जुताई करने गया हुआ था। वह ट्रैक्टर लेकर अपने भाई की तलाश में निकला। संभावना जताई जा रही है कि पकड़े जाने की आशंका के चलते बदमाश फईम को छोड़कर भाग गए। करीब 11 बजे फईम खेतों में बेहोश पड़ा मिला। इन दिनों गन्ने की बुवाई के लिए किसान खेतों में देर रात तक जुताई करने में लगे हुए हैं। इसलिए जंगल में लोगों की खूब आवाजाही हो रही है। सीओ नगीना डॉक्टर अंजनी कुमार चतुर्वेदी का कहना है कि मामला संदिग्ध लग रहा है। जांच कर घटना का शीघ्र पर्दाफाश कर दिया जाएगा।