ट्रैक्टर के नीचे दबकर किसान की मौत
बढ़ापुर। क्षेत्र के ग्राम सारंगवाला के समीप ट्रैक्टर के नीचे दबकर चालक किसान की मौत हो गई। गांव निवासी परवेंद्र सिंह (40) पुत्र बलराम सिंह बुधवार की शाम अपने पुत्र दीक्षांत के साथ ट्रैक्टर लेकर माता की बरसी का सामान लेने नगीना देहात के गांव हरगनपुर गए थे। वहां से रात्रि में लौटते समय गांव सारंगवाला-ब्राह्मणवाला के मध्य बनी पुलिया के पास ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। परवेंद्र ट्रैक्टर के नीचे दब गए। दीक्षांत किसी तरह ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकला और सड़क पर खड़े होकर शोर मचाया। वहां पहुंचे ग्रामीणों ने परवेंद्र को ट्रैक्टर के नीचे से निकाला। परिजन उसको नगीना के निजी चिकित्सक के यहां ले गए जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।