नजीबाबाद। गांव गढ़मलपुर क्षेत्र की नई बस्ती की एक महिला प्रसव कराने के लिए जलालाबाद के रिलीफ अस्पताल पहुंची थी। प्रसव के दौरान बच्चे की मौत हो चुकी थी। महिला की गंभीर हालत देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बिजनौर के लिए रेफर कर दिया। बिजनौर ले जाते समय महिला की मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल के चिकित्सकों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए सोमवार रात अस्पताल में जमकर हंगामा किया। परिजनों का आरोप था कि चिकित्सकों ने पहले महिला का स्वास्थ्य सही बताया और फिर महिला को रेफर करने में देरी की। इस कारण बिजनौर ले जाते हुए महिला की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत किया। परिजनों की ओर से पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई। उधर, रिलीफ अस्पताल में चिकित्सक डॉ.वकील अहमद ने बताया कि महिला को बिजनौर के लिए रेफर कर दिया था, लेकिन परिजन बिजनौर ले जाने को टालते रहे। इस कारण महिला को समय पर उपचार नहीं मिल सका।