खुद को गोली मारकर दर्ज कराया झूठा मुकदमा
स्योहारा। भाई और भतीजे के खिलाफ झूठी रिपोर्ट दर्ज कराने वाले को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने दो माह पूर्व खुद को तमंचे से गोली मारकर जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस तभी से मामले को पहले से ही संदिग्ध मान रही थी। पूछताछ के बाद आरोपी का चालान कर दिया गया।
24 मई की रात गांव सल्लाखेड़ी निवासी सूरजभान पुत्र हीरा ने बिजनौर कोर्ट की तारीख से लौटते समय अपने ट्यूबवेल के पास खुद तमंचे से अपने हाथ में गोली मार ली थी। मामले में सगे भाई सुरेंद्र व भतीजे सुमित के विरुद्ध हत्या के प्रयास के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था। मेडिकल रिपोर्ट में भी सटा कर गोली मारना पाया गया था। पुलिस तभी से घटना को संदिग्ध मान कर जांच कर रही थी। थानाध्यक्ष राजीव चौधरी ने बताया कि सूरजभान का अपने भाई सुरेंद्र से जमीन का विवाद चल रहा है। दोनों का विवाद कोर्ट में विचाराधीन है। 15 अप्रैल को सूरजभान की पुत्रवधू ने सुरेंद्र व उसके पुत्र सुमित के विरुद्ध थाने में मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया था। जिस पर सुरेंद्र ने भी कोर्ट में शिकायती पत्र देकर सूरजभान व उसके दोनों पुत्रों अवनीश व नरेश के विरुद्ध जानलेवा हमला करने के आरोप में मुकदमा दर्ज करने का आदेश करा लिया था। जब सूरजभान को इसकी जानकारी हुई तो उसने मुकदमे से बचने के लिए खुद तमंचे से अपने हाथ में गोली मार कर ली थी।