ऑनलाइन घोषणा पत्र नहीं भरा तो बंद हो जाएगा सट्टा
धामपुर। गन्ना विभाग की ओर से मंगलवार को ब्लॉक में किसानों को ऑनलाइन घोषणा पत्र भरने के लिए तकनीकी प्रशिक्षण दिया गया। किसानों को बताया गया कि अपने एंड्रायड फोन के माध्यम से घर बैठे कैसे घोषणा पत्र ऑनलाइन कर सकते हैं। प्रशिक्षण में करीब 50 किसानों ने प्रतिभाग किया।
ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक अमित कुमार पांडेय ने बताया कि शासन की प्राथमिकता में किसानों के वर्तमान पेराई सत्र में ऑनलाइन घोषणा पत्र भरना अनिवार्य है। घोषणा पत्र न भरने की स्थिति में उनका गन्ना सट्टा बंद हो जाएगा। घोषणा पत्र भरने की प्रक्रिया विभागीय वेबसाइट enquiry.caneup.in पर दी गई है। किसानों को अपने साथ बैंक की पासबुक, खतौनी, आधार कार्ड रखना अनिवार्य है। बताया गया कि इस वर्ष गन्ना आयुक्त उत्तर प्रदेश की ओर से नए सदस्यों के बनने के लिए 30 सितंबर अंतिम तिथि तय की है। नए सदस्यों का आवेदन भी ऑनलाइन लिया जाएगा। नए सदस्य विभागीय वेबसाइट पर रजिस्टर कर सकते हैं। आवेदन करते समय किसान अपना फोटो, बैंक पासबुक , आधार कार्ड , खतौनी संलग्न करेंगे। उन्होंने बताया कि गन्ना सट्टा प्रदर्शन 20 जुलाई से 30 अगस्त तक चलेगा। कार्यक्रम में गन्ना जीएम ओमवीर सिंह, मनोज चौहान, गन्ना समिति के विशेष सचिव मनोज कुमार, अजय कुमार ढाका, पंकज कुमार, धर्मेेंद्र कुमार, लोकेंद्र सिंह, जितेंद्र कुमार, विशेष शर्मा आदि मौजूद रहे।