करबला के शहीदों को याद कर नम हो रहीं आंखें
नजीबाबाद/मंडावली। मोहर्रम की छठी तारीख पर जोगीरम्पुरी, नया गांव और मेमन सादात में मातमी मजलिसों और जुलूसों का आयोजन किया गया। मजलिसों में करबला के शहीदों को याद कर सोगवार सीनाजनी के साथ रंजोगम का इजहार कर रहे हैं।
जोगीरम्पुरी में आयोजित मातमी मजलिस में मौलाना अजादार ने करबला में हजरत इमाम हुसैन और उनके साथियों द्वारा इस्लाम और इंसानियत को बनाने के लिए दी गई कुर्बानी का जिक्र किया। मातमी मजलिस आयोजन के बाद अलम, ताबूत और जुलजना के मातमी जुलूस बरामद किए गए। साजिद जाफरी, शेरअली, फिरोज जाफरी के नेतृत्व में नोहा ख्वानी और मर्सिया ख्वानी की गई। जुलूस में वाजिद रजा, साजिद रजा, फिरोज हैदर, गुलाम जाफरी, ईद अली, अजहर अब्बास, मोहसिन, ताहिर हुसैन आदि शामिल रहे।
उधर, मंडावली क्षेत्र के नया गांव में मोहर्रम के मौके पर मातमी मजलिसों का सिलसिला जारी है। मजलिस के दौरान हजरत इमाम हुसैन और उनके साथियों की शहादत को नम आंखों से याद किया गया। आयोजन में शकील हैदर, शादाब हैदर, नवाब, शमशाद जाफरी, आबाद हुसैन, फरमान जाफरी, मतलूब जाफरी ने शिरकत की।