बिजनौर। मोरना स्थित देवता महाविद्यालय में 6.91 करोड़ रुपये के गबन के मामले में एक साल बाद भी कार्रवाई नहीं हुई है। इस पर गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय मुरादाबाद के कुलपति से राज्यपाल के सचिवालय की ओर से जवाब मांगा गया है। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय, बरेली की जांच में कॉलेज के तत्कालीन सचिव वीरेंद्र कुमार सिंह पर गबन का आरोप सिद्ध हुआ था। इसके बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
कॉलेज प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सुभाष चंद्र ने कार्रवाई नहीं होने की शिकायत राजभवन लखनऊ में की थी। आरोप लगाया गया था कि मामले में ढिलाई बरतते हुए सचिव को बचाने का प्रयास किया है। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए राजभवन के सचिवालय की ओर से विशेष कार्याधिकारी डॉ. सुधीर एम बोबड़े ने विश्वविद्यालय के कुलपति से जवाब मांगा है।
प्रबंधन समिति के अध्यक्ष की शिकायत पर महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय, बरेली से मामले की जांच कराई गई थी। जांच में करीब 6 करोड़ 91 लाख रुपये का गबन पाया गया था। आरोप था कि सचिव वीरेंद्र कुमार सिंह द्वारा शिक्षकों से आधा वेतन वापस लिया गया था। जांच के बाद रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने आगे की कार्रवाई के लिए पत्रावली गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय, मुरादाबाद को भेज दी थी।
इस संबंध में गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सचिन माहेश्वरी का कहना है कि यह पुराना मामला है। इसमें फिट एंड प्रॉपर की जांच करनी थी। शासन से जो जवाब मांगा गया है, उसे दाखिल किया जाएगा। उधर, मोरना महाविद्यालय के अध्यक्ष एवं शिकायतकर्ता सुभाष चंद्र ने बताया कि दोष सिद्ध होने के बाद भी सचिव वीरेंद्र सिंह कॉलेज में जमे हैं। उन्होंने राज्यपाल को पत्र भेजकर इन्हें हटाए जाने की मांग रखी है। साथ ही जो गबन की राशि है, उसे रिकवर किया जाए।