स्टेडियम में गंदगी मिलने पर क्रीड़ा अधिकारी से मांगा स्पष्टीकरण
बिजनौर। डीएम उमेश मिश्रा ने शनिवार को नेहरू स्टेडियम का निरीक्षण किया। इस दौरान टेनिस कोर्ट में अधिक घास और गंदगी पाए जाने पर क्रीड़ा अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा। इसके साथ ही खेल के प्रति युवाओं को जागरूक एवं प्रेरित करने के लिए जिले के राष्ट्रीय एवं प्रदेशीय स्तर पर प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों के नाम व पोस्टर लगाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने क्रीड़ा अधिकारी एवं क्रीड़ा कोच से खेल सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। बच्चों की संख्या कम पाए जाने पर क्रीड़ा अधिकारी को निर्देश दिया कि स्कूलोें में जाकर बच्चों को शूटिंग आदि खेलों के प्रति प्रोत्साहित करें। इसके साथ ही एथलेटिक्स जम्पर, लॉन टेनिस, क्रिकेट, फुटबॉल मैदान, शूटिंग रेंज, तरणताल आदि का भी जायजा लिया। डीएम ने शूटिंग रेंज में स्वीच लेन में कमी, शूटिंग हाल में गंदगी, चेंजिंग रूम में कचरा व शौचालय की खराब स्थिति को देखते हुए क्रीड़ा अधिकारी को साफ सफाई एवं उचित रखरखाव के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक आरके सिंह, क्रीड़ा अधिकारी जयवीर सिंह, क्रीड़ा कोच सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।