नगीना। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहां कि 2014 से पहले की सरकारों ने जहां उत्तर प्रदेश के साथ रेलवे के मामले में सौतेला व्यवहार रखा वहीं भाजपा की मोदी सरकार ने रेलवे के बजट को 1 हजार 109 करोड़ से बढ़ाकर 17 हजार 607 करोड़ करने का काम किया। उन्होंने ऐलान कहा कि नगीना रेलवे स्टेशन भी अमृत भारत स्टेशन योजना में विश्व स्तर का बनने जा रहा है।
शनिवार की दोपहर एक बैंक्वेट हॉल के सभागार में पत्रकारों से सीधी वार्ता करते हुए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार अन्य प्रदेशों के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के भविष्य का निर्माण भी मिलकर कर रही है। अपनी सरकार और रेलवे की उपलब्धि का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य में रेलवे ने शत प्रतिशत विद्युतीकरण का काम पूरा कर लिया है। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों ने यात्रियों की सुविधाओं पर कोई ध्यान नहीं दिया। आज से 10 साल पहले रेलवे स्टेशन पर नाक बंद करके जाना पड़ता था, जबकि आज प्रत्येक रेलवे स्टेशन सुंदरीकरण के मामले में एक दूसरे से मुकाबला कर रहा है।
रेल मंत्री ने कहा कि रेलवे स्टेशनों के पुनर्निर्माण के साथ-साथ अब देश के 750 रेलवे स्टेशनों पर एक स्टेशन एक उत्पाद की दुकानें भी खोली गई है। जिसमें दुकानदार को 25 हजार से लेकर 2 लाख रुपये तक की आमदनी हो रही है। पत्रकार वार्ता में भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल, क्षेत्रीय महामंत्री हरिओम शर्मा, धामपुर विधायक अशोक राणा, क्षेत्रीय मंत्री अनूप बाल्मीकि, जिला अध्यक्ष सुभाष वाल्मीकि, पूर्व जिला अध्यक्ष महेंद्र धनोरिया, पूर्व सांसद डॉ यशवंत सिंह आदि रहे।
जिले में 14 रेलवे फाटक पर बनेंगे ओवर ब्रिज
रेल मंत्री ने बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में रेलवे फाटक की समस्या का मुद्दा सभी जगह सामने आया है इसको दृष्टिगत रखते हुए केंद्र व प्रदेश सरकार के सहयोग से रेलवे ने अकेले जनपद बिजनौर में 14 रेलवे फाटक पर ओवर ब्रिज के प्रस्ताव पास कर दिए हैं। जिसमें नगीना कोतवाली मार्ग पर स्थित रेलवे फाटक पर भी ओवर ब्रिज पास हो चुका है। जबकि अट्ठारह रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज बनाए जाने के लिए सर्वे चल रहा है। मेरठ हस्तिनापुर बिजनौर रेलवे लाइन को नगीना तक कराए जाने के मुद्दे पर पूछे गए सवाल को रेल मंत्री मुस्कुरा कर टाल गए। उन्होंने कहा कि अभी इसका सर्वे चल रहा है।