भागूवाला मार्ग पर भारी वाहनों का प्रवेश बंद
मंडावली/नजीबाबाद (बिजनौर)। कांवड़ियों की भीड़ को देखते हुए मंडावली पुलिस ने मोटा महादेव-भागूवाला बाईपास मार्ग पर भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी है। पुलिस ने मंडावली थाने समेत कई जगहों पर बैरिकेडिंग लगाकर पुलिस की तैनाती की है, ताकि यहां से भारी वाहन न गुजरें और मार्ग से कांवड़ियों को निकलने में कोई असुविधा न हो।
हरिद्वार से गंगाजल लेकर चलने वाले कांवड़ियों के लिए पहला पड़ाव मोटा महादेव मंदिर पड़ता है। इसके लिए कांवड़िये भागूवाला से मोटा महादेव बाईपास मार्ग से बड़ी संख्या में गुजरते हैं। 31 जुलाई को मंडावली क्षेत्र के हाईवे पर हुई मार्ग दुर्घटना के बाद से पुलिस कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए अलर्ट है। एसपी के निर्देश पर मंडावली थानाध्यक्ष नरेंद्र कुमार गौड़ मंगलवार को मोटा महादेव-भागूवाला बाईपास मार्ग पर भारी वाहनों पर रोक लगा दी। इस मार्ग पर केवल कांवड़ियों के वाहनों की ही आवाजाही है। पुलिस ने मंडावली थाने, गांव मीरमपुर बेगा के सामने और भागूवाला-मोहनपुर के तिराहे पर बैरिकेडिंग लगाकर भारी वाहनों के आवागमन को बंद कर दिया है। हरिद्वार दिशा से आने वाले वाहनों की आवाजाही नांगल-चंदक मार्ग से होते हुए बिजनौर के लिए और नजीबाबाद दिशा से हरिद्वार जाने वाले वाहनों की आवाजाही पूर्वी गंग नहर मार्ग से की जा रही है।
मुख्य तिराहे और चौराहों पर पुलिस की पैनी नजर
कांवड़ियों को भीड़ को देखते हुए मंडावली और नजीबाबाद क्षेत्र के मुख्य तिराहे और चौराहों पर पुलिस की पैनी नजर है। कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए वाहन चालकों को सीमित गति से वाहन चलाने के निर्देश दिए गए है। थानाध्यक्ष नरेंद्र कुमार गौड़ का कहना है कि ट्रक और कंटेनरों के आवागमन पर पूर्णत: रोक लगा दी है। रात्रि में कांवड़ियों की भीड़ कम होने पर ही भारी वाहनों का आवागमन सुचारु कराया जाएगा।
मार्ग पर खड़े भारी वाहनों से लग रहा जाम
मंडावली हाईवे से भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगने से जलालाबाद क्षेत्र में बड़ी संख्या में ट्रक और कंटेनर मार्ग पर खड़े है। आजाद चौक मार्ग से रेलवे स्टेशन मार्ग, जलालाबाद फ्लाइओवर के पास और जलालाबाद नहर पर बड़ी संख्या में भारी वाहन खड़े है। जिससे मार्गों पर जाम की स्थिति बनी हुई है।