चांदपुर के गांव बाड़ीवाला में वन विभाग की टीम ने पिंजरे में गुलदार को किया कैद।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में चांदपुर रेंज के गांव बाड़ीवाला में घर में घुसे गुलदार को परिवार की सजगता से वन विभाग ने पकड़ लिया। टीम ने गुलदार को सकुशल अमानगढ़ रेंज के जंगल में छोड़ दिया। इस दौरान गांव में सैकड़ों की संख्या में लोगों का हुजूम जुट गया। भीड़ को खदेड़ने में वन कर्मचारियों और पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
चांदपुर रेंज में गांव बाड़ी वाला गंगा के किनारे स्थित है। बृहस्पतिवार की सुबह करीब 5.30 बजे गांव निवासी रोहिताश के परिजन घर में काम में व्यस्त थे। इस दौरान एक गुलदार उनके घर में घुस आया और सीधे कमरे में चला गया। परिजनों ने गुलदार को कमरे मेेें घुसते हुए देख लिया। परिजनों ने चतुराई दिखाते हुए बिना शोर मचाए कमरे को आगे से बंद कर दिया। इसके बाद परिजनों ने शोर मचा दिया। आनन-फानन में ग्रामीण एकत्र हो गए।
कमरे में गुलदार की सूचना पर गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने गुलदार की सूचना वन विभाग व पुलिस को दी। घर में गुलदार बंद होने की सूचना से वन अधिकारियों के हाथ पांव फूल गए। चांदपुर रेंजर बाल सिंह रावत पिंजरा लेकर वनकर्मियों के साथ गांव पहुंच गए। घर के बाहर जमा भीड़ को बमुश्किल वहां से हटाया गया। सुबह करीब नौ बजे कमरे के बाहर दरवाजे से पूरी तरह से सटाकर पिंजरे को लगा दिया गया। बाद में कमरे का दरवाजा खोला। कमरे का दरवाजा खुलते ही गुलदार अंदर से गुर्राने लगा। करीब पांच से दस मिनट के बीच अचानक बाहर की ओर आया। गुलदार के घुसते ही पिंजरा बंद हो गया। दूर से देख रहे वनकर्मियों ने भागकर पिंजरे को पूरी तरह से बंद कर दिया। इसके बाद टीम वहां से गुलदार को चांदपुर रेंज आफिस ले आई। इस दौरान गांव में एसडीएम चांदपुर विनीत श्रीवास्तव, सीओ चांदपुर अजय कुमार, चांदपुर रेंजर, वन दरोगा सगीर अहमद और वनकर्मी उपस्थित रहे।
गुलदार के हमले में दो युवक घायल
किरतपुर। जंगल में घूमने के दौरान बुधवार की सायंकाल गुलदार ने दो युवकों पर हमला बोलकर घायल कर दिया। घटनास्थल पर युवकों के चीखने पर ग्रामीण पहुंच गए। ग्रामीणों ने युवकों की जान बचाई। छितावर गांव निवासी सुधाकर और विपिन बुधवार की सायंकाल 5.30 बजे गांव के पास जंगलों में घूम रहे थे। गांव के पास से गुजर रही नहर की पुलिया पर पहुंचते ही दोनों युवकों पर गुलदार नेे हमला बोल दिया। गुलदार ने युवकों के गर्दन, हाथ पैरों में वार कर जख्मी कर दिया। युवकों के शोर मचाने पर ग्राम प्रधान जतन सिंह, पुनीत, विरेंद्र आदि मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने बमुश्किल गुलदार को भगाया। घायल युवकों का गांव में ही उपचार कराया गया। ग्रामीणों ने इस घटना की सूचना पुलिस और वन विभाग को दे दी है।