अमन कुमार शर्मा
बिजनौर। उद्यमियों को एक ही छत के नीचे सभी सुविधाएं मिलेंगी। जिले में 50 एकड़ से अधिक जमीन में सरदार वल्लभ भाई पटेल रोजगार एवं औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जाना है। फिलहाल, इसके लिए जमीन तलाशी जा रही है।
जिले के उद्यमियों को अभी तक छोटे-छोटे कामों के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है। लेकिन कोई दिन दूर नहीं, जबकि सभी सुविधाएं एक ही जगह उपलब्ध हो सकेंगी। सरकार की ओर से प्रत्येक जिले में सरदार वल्लभ भाई पटेल रोजगार एवं औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना की जानी है। इसमें संबंधित विभागों के कार्यालय, कौशल प्रशिक्षण केंद्र, एकीकृत कॉमन फैसिलिटी सेंटर, प्रोडक्ट स्पेसिफिक टेस्टिंग, प्रोडक्ट डिस्प्ले डिजाइन सेंटर, टूल रूम, आवश्यकता अनुसार ईटीपी, सीईटीपी, ड्राइविंग ट्रैक, रनिंग ट्रैक, कामगारों के लिए हॉस्टल आदि की सुविधाएं दी जाएंगी। साथ ही निवेशकों एवं प्रशिक्षित युवाओं के लिए आवश्यक जमीन बैंक, प्लग एंड प्ले फैसिलिटी उपलब्ध कराई जाएगी।
भूमि चयन के ये हैं पैरामीटर
-भूमि जनपद, तहसील मुख्यालय से 20 किलोमीटर परिधि में होनी चाहिए
-भूमि हाईटेंशन तारों से पूरी तरह मुक्त हो
-भूमि की सड़क से कनेक्टिविटी हो
-भूमि पर विद्युत आपूर्ति की सुगमता हो
-भूमि लो लैंड नहीं होना चाहिए
सभी तहसीलों में तलाशी ला रही है जमीन
उद्योग विभाग प्रशासन के माध्यम से 100 एकड़ जमीन की तलाश कर रहा है। सभी तहसीलों को उपयुक्त जमीन तलाशने के लिए पपत्र जारी कर दिए गए हैं। जमीन मिलने के बाद शासन की मंशा के अनुरूप एमएसएमएई विभाग के पक्ष में हस्तांतरित की जाएगी।
सरदार वल्लभ भाई पटेल रोजगार एवं औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना के लिए जमीन तलाश की जा रही है। इसकी स्थापना से एमएसएमई उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही उद्यमियों को एक ही स्थान पर सभी सुविधाएं मिल सकेंगी। ....अमित कुमार, उपायुक्त उद्याेग, बिजनौर