बिजनौर। लंबित मांगों के निदान की मांग को लेकर राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद उप्र शाखा के बैनर तले कर्मचारी सात नवंबर को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन कर धरना देंगे। आंदोलन की सफलता के कर्मचारियों ने बैठक कर रणनीति बनाई। साथ ही कर्मचारियों से अधिक से अधिक संख्या में धरना-प्रदर्शन में पहुंचने की अपील की।
शुक्रवार को जिलेदारी कार्यालय सिंचाई खंड बिजनौर में कृष्ण कुमार उप सचिव सिंचाई संघ की अध्यक्षता में संघ की बैठक हुई। बैठक में राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद उप्र शाखा बिजनौर के बैनर तले सात नवंबर को प्रात: 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक कलक्ट्रेट परिसर में होने वाले धरना प्रदर्शन की सफलता को रणनीति बनाई। जिलाध्यक्ष चौधरी शूरवीर सिंह एवं जिला मंत्री चौधरी आशीष कुमार ने सभी कर्मचारियों से अनुरोध किया कि धरना प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आंदोलन को सफल बनाने में अपना पूर्ण योगदान देने को कहा। कर्मचारियों ने यह प्रण लिया की जब तक हमारी पुरानी पेंशन बाहल नहीं हो जाती। तब तक कर्मचारी समाज निरंतर संघर्ष करता रहेगा। बैठक का संचालन चौधरी आशीष कुमार जिला मंत्री सिंचाई संघ ने किया।